Shivraj Singh Chouhan Agriculture Reforms

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया बड़ा दावा… किसानों की हो रही बल्ले-बल्ले!

Share Latest News On:

नई दिल्ली/आई संवाद/ केंद्रीय कृषि मंत्री एवं विदिशा से सांसद शिवराज सिंह चौहान ने देश के कृषि क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों के दौरान हुए बदलावों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की किसान हितैषी नीतियों के चलते मध्यप्रदेश सहित पूरे देश के किसानों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिले हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और खेती अधिक लाभकारी बनी है।

डिजिटल तरीके से दिया संदेश
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिले हैं। किसान कल्याण को केंद्र में रखकर बनाई गई योजनाओं ने खेती को पारंपरिक दायरे से निकालकर आधुनिक, विकसित और आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में कृषि व्यवस्था के साथ-साथ किसानों का विश्वास भी मजबूत हुआ है। खेती में तकनीक, नवाचार और बाजार तक पहुंच बढ़ने से किसानों की आय और अवसरों में वृद्धि हुई है।

किसान सम्मान निधि का मिल रहा लाभ
केंद्रीय मंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के तहत अब तक 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाई जा चुकी है। वहीं न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर 26 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कृषि उपज की खरीद की गई है। इसके अलावा 8 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड और 26 करोड़ सॉयल हेल्थ कार्ड किसानों को उपलब्ध कराए गए हैं।

ये भी पढ़ें – इंदौर बीजेपी अजा मोर्चा अध्यक्ष पद के दावेदार तैयार… जल्द होगी घोषणा!

फसल बीमा योजना का लाभ
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना ने किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान से सुरक्षा प्रदान की है, जबकि ई-नाम (e-NAM) प्लेटफॉर्म ने किसानों को खेत से बाजार तक बेहतर पहुंच और नए अवसर उपलब्ध कराए हैं।

खाद्यान्न उत्पादन में वृद्धि
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली है, जलवायु अनुकूल फसल किस्मों का विकास हुआ है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कृषि सेवाएं गांवों तक पहुंची हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप देश के खाद्यान्न उत्पादन में 71 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें – भाजयुमो नगर अध्यक्ष पद को लेकर तेज हुई हलचल… तीन नामों का पैनल तैयार!

किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि यह केवल सरकारी योजनाओं की उपलब्धि नहीं, बल्कि करोड़ों किसानों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी है। आज किसान के चेहरे पर संतोष और आत्मविश्वास है, क्योंकि उसकी मेहनत को सम्मान मिला है और सरकार बीज से लेकर बाजार तक उसके साथ खड़ी है।

भाजयुमो की बैठक में संगठनात्मक समन्वय पर उठे सवाल… नगर महामंत्री ने जताई नाराजगी!