इंदौर/आई संवाद/ शहर में पिछले दिनों आरएसएस कार्यकर्ता के साथ हुई मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। भाजपा नेता और हिन्द रक्षक संगठन से जुड़े कुछ लोगों पर आरएसएस कार्यकर्ता और उसके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट करने के आरोप लगे थे। अब इस घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
महिलाओं से भी की मारपीट
यह पूरा घटनाक्रम अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के उषा नगर इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर शुरू हुए विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान आरएसएस कार्यकर्ता चेतन पाटिल, शिकायतकर्ता के पति सुयश तथा वहां मौजूद कुछ महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई।
विधायक मालिनी गौड़ के पीए पर भी आरोप
मामले में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 के पूर्व प्रभारी वीरेंद्र शेंडगे, शानू उर्फ सौरभ डिगे, विधायक के पीए प्रणय चित्तोड़ा समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने प्राणघातक हमले सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था, लेकिन घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ें – बीजेपी नेता वीरेंद्र शेंडगे मामले की रिपोर्ट जाएगी ‘समिधा’… हो सकता है बड़ा एक्शन!
आरएसएस कार्यकर्ताओं में नाराजगी
इस मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया था जब आरएसएस कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, केस दर्ज होने के बाद भाजपा नेता की दुकान और सौरभ डिगे के घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं। इन मामलों की शिकायत लेकर भाजपा कार्यकर्ता और हिन्द रक्षक संगठन के सदस्य भी पुलिस के पास पहुंचे थे। हालांकि पुलिस ने आवेदन लेकर जांच का आश्वासन दिया था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ लोग चेतन पाटिल और अन्य व्यक्तियों को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग और तेज हो गई है। अब सभी की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
ये भी पढ़ें – इंदौर के विवादित भाजपा नेता की छुट्टी…. पहले पुलिसकर्मियों से विवाद, अब संघ को बनाया था निशाना!
प्रदेशभर में घटना बनी चर्चा का विषय
स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन से जुड़े लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन उन मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका मानना है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई की गई होती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। फिलहाल यह मामला राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
Indore News: इंदौर बीजेपी अजा मोर्चा अध्यक्ष पद के दावेदार तैयार… जल्द होगी घोषणा!










