गर्भवती महिलाओं की देखभाल और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए- कलेक्टर श्री शिवम वर्मा
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए गए निर्देश
गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, प्रसव पूर्व जांच और जच्चा-बच्चा के टीकाकरण की हुई समीक्षा
इंदौर, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हसानी विशेष रूप से मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा द्वारा गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, उनकी प्रसव पूर्व जांच, सुरक्षित प्रसव तथा जच्चा-बच्चा के टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। श्री वर्मा ने गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए ।
बैठक में निर्देश दिए गए कि गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उनका पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक गर्भवती महिला की नियमित प्रसव पूर्व जांच कराई जाए तथा हाई रिस्क गर्भावस्था की समय रहते पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाए। आवश्यकता होने पर ऐसी महिलाओं को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित किया जाए तथा प्रसव के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहें। प्रसव के बाद माता और नवजात शिशु की नियमित देखभाल, निर्धारित समय पर टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श सुनिश्चित किया जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया।
बैठक में गर्भवती महिलाओं के लिए तैयार किए गए स्मार्ट चैटबॉट तथा सुमन पंचायत के संबंध में जानकारी दी गई। इन माध्यमों के जरिए गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं, प्रसव पूर्व जांच, सुरक्षित प्रसव तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की । निर्देश दिए गये कि सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाय। इन कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्य समय सीमा में पूर्ण किये जाय।







