इंदौर/आई संवाद/ इंदौर में 14 जून को प्रस्तावित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के दौरे की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में संगठनात्मक समन्वय को लेकर तीखी चर्चा देखने को मिली। वहीं बैठक के दौरान नगर महामंत्री ने कार्यक्रम निर्धारण की प्रक्रिया पर असंतोष व्यक्त करते हुए, कहा कि स्थानीय पदाधिकारियों से राय लिए बिना निर्णय लेना उचित नहीं है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर 14 जून को इंदौर पहुंचेंगे
प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार विभिन्न मोर्चा और प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी संभागीय दौरे कर रहे हैं। इसी क्रम में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर 14 जून को इंदौर पहुंचेंगे। उनके स्वागत में सुबह 6 बजे राजबाड़ा से गांधी हॉल तक साइकिल रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
रेली की तैयारियों को लेकर बुलाई बैठक
रैली की तैयारियों को लेकर प्रदेश पदाधिकारी जय सूर्या और अनिल वर्मा ने बैठक बुलाई, जिसमें नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान नगर अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम की सूचना काफी कम समय में मिली और उन्हें भी प्रदेश अध्यक्ष के दौरे की विस्तृत जानकारी पहले से नहीं थी। बावजूद इसके सभी कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटना होगा।
ये भी पढ़ें – मीनाक्षी नटराजन को बड़ा झटका… केंद्रीय चुनाव आयोग ने भी नामांकन को रखा रद्द!
पूर्व में भी हो चुके थे कार्यक्रम रद्द
इस दौरान नगर महामंत्री धीरज ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने से पहले नगर संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा की जानी चाहिए थी। उनका कहना था कि पूर्व में दो बार इसी तरह के कार्यक्रम रद्द हो चुके हैं, जिनकी तैयारियों में काफी संसाधन और समय खर्च हुआ था। यदि स्थानीय नेतृत्व से विचार-विमर्श किया जाता तो इससे बेहतर आयोजन की योजना बनाई जा सकती थी।
बैठक में नाराजगी देखने को मिली
बैठक में उस समय माहौल और गर्म हो गया जब अक्षत चौधरी ने कथित आर्थिक दावों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनके नाम से गलत जानकारियां प्रसारित कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया गया है।
उपस्थिति और व्यवस्था पर होगी नजर
रैली में भाग लेने वालों की संख्या और साइकिलों की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा हुई। नगर अध्यक्ष ने विभिन्न पदाधिकारियों से अपेक्षित सहभागिता का आंकड़ा मांगा। कुछ पदाधिकारियों ने 100-100 साइकिलों की व्यवस्था का दावा किया, जिस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक उपस्थिति और व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।
ये भी पढ़ें – पंचायत सचिवों पर सरकार की सख्ती.. गृहग्राम और ससुराल में नहीं रह सकेंगे पदस्थ!
पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार रखे
पदाधिकारियों ने सुबह के समय बड़ी संख्या में साइकिलों की व्यवस्था को चुनौतीपूर्ण बताया। उनका कहना था कि युवाओं को जुटाना आसान है, लेकिन साइकिलों की व्यवस्था करना कठिन होगा। कुछ सदस्यों ने साइकिल रैली के स्थान पर मैराथन जैसे विकल्प पर भी विचार करने का सुझाव दिया तथा समय परिवर्तन की मांग रखी। हालांकि प्रदेश पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में बदलाव से इनकार कर दिया।
आयोजन को सफल बनाने का किया आह्वान
विरोध के बीच जय सूर्या ने स्पष्ट किया कि साइकिल रैली प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर की विशेष इच्छा के अनुरूप आयोजित की जा रही है। इसके बाद नगर भाजपा अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से किसी भी प्रकार की आपत्ति छोड़कर आयोजन को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
ग्रामीण क्षेत्र के कार्यक्रम में होगे शामिल
साइकिल रैली के बाद श्याम टेलर ग्रामीण क्षेत्र के कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वहीं शाम को दीनदयाल भवन में उनके सम्मान और स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।











