Indore Molestation Case

इंदौर में छेड़छाड़ के तीन मामले दर्ज… खजराना में सोहेल ने की साली के साथ छेड़छाड़!

Share Latest News On:

इंदौर/आई संवाद/ शहर में महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। द्वारकापुरी और खजराना थाना क्षेत्रों में सामने आए तीन अलग-अलग मामलों में पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी का दबाव बनाकर धमकाने का आरोप
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती ने अपने परिचित लक्की पंसोरिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। युवती के अनुसार दोनों करीब एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे और एक ही संस्थान में कार्यरत थे। आरोपी वहां ड्राइवर के रूप में काम करता था।

शराब पीने का आदी है युवक
पीड़िता का कहना है कि आरोपी की शराब पीने की आदत से परेशान होकर उसने उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसके बाद आरोपी लगातार उस पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा आत्महत्या कर उसे झूठे कानूनी मामले में फंसाने की धमकी भी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी उसका पीछा करता था और आने-जाने के दौरान उसे परेशान करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें – यात्री कृपया ध्यान दें…क्षिप्रा से चंबल तक किराया मात्र 55 रूपये, रेलवे ने दी यात्रियों को बड़ी सौगात!

विवाहिता ने रिश्तेदार पर लगाए गंभीर आरोप
खजराना थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहिता ने अपने भतीजे राहुल के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उस पर गलत नजर रखता था। पीड़िता के अनुसार कुछ दिन पहले आरोपी ने बाथरूम में झांकने की कोशिश की थी, जिस पर उसे चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं। महिला ने आरोप लगाया कि मंगलवार रात उसने फिर अनुचित व्यवहार किया, जिसके बाद परिवार को जानकारी देकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

नाबालिग से अभद्रता का मामला
खजराना क्षेत्र में ही 17 वर्षीय किशोरी ने अपने जीजा सोहेल के खिलाफ छेड़छाड़ का प्रकरण दर्ज कराया है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने रास्ते में उसे रोककर जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों की मौजूदगी में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।

ये भी पढ़ें – इंदौर में एक बार फिर दूषित पानी पीने से कई लोग बीमार… अस्पताल में इलाज जारी!

तीनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी मामलों में शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटनाओं से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ujjain News: महामंडलेश्वर को मिली ‘सर तन से जुदा’ की धमकी… दो बार पहले भी हुए हमले!