इंदौर/आई संवाद/ शहर के आजाद नगर क्षेत्र में पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। भाजपा नेता और पार्षद पक्ष के समर्थकों के बीच हुए टकराव में जमकर पथराव, मारपीट और तोड़फोड़ हुई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
पानी भरने आए थे केशव मीणा
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब भाजपा नेता केशव मीणा ऑटो रिक्शा में नीले ड्रम लेकर क्षेत्र स्थित हाइड्रेंट से पानी भरने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान स्थानीय पार्षद मलखान सिंह कटारिया ने उन्हें पानी भरने से रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई।
ये भी पढ़ें – इंदौर में छेड़छाड़ के तीन मामले दर्ज… खजराना में सोहेल ने की साली के साथ छेड़छाड़!
बीजेपी पार्षद का बेटा घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही देर में दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों ओर से पथराव तथा मारपीट शुरू हो गई। उपद्रव के दौरान कई वाहनों के कांच भी तोड़ दिए गए। घटना में पार्षद के बेटे बिज्जू के सिर में चोट आई है। इसके अलावा दोनों पक्षों के अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दोनों पक्षों के लिए बयान
घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचे, लेकिन वहां भी तनाव कम नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता और पार्षद के बीच थाने में भी तीखी बहस और विवाद हुआ, जिससे देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई भाजपा नेताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर की इन लड़कियों को कौन समझाए… खुलेआम ट्रिपल राइडिंग के साथ सड़क पर शराबखोरी!










