सतना/आई संवाद/ मध्यप्रदेश के सतना जिले में हाल ही में सामने आए रेंजर और उनकी कॉन्स्टेबल पत्नी के विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। रीवा के एक होटल में कथित तौर पर गर्लफ्रेंड के साथ पकड़े जाने के एक दिन बाद ही रेंजर ने अपनी पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी आवास से नकदी और सामान ले जाने का आरोप
रेंजर बृजेन्द्र पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी भारती उपाध्याय दो अन्य व्यक्तियों के साथ 16 जून की रात उनके सरकारी आवास पर पहुंची थी। शिकायत के अनुसार वहां से कार, करीब दो लाख रुपये नकद और एक आईफोन सहित अन्य सामान लेकर चली गई। रेंजर का कहना है कि उनके और पत्नी के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा है तथा दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
होटल में गर्लफ्रेंड के साथ मिलने पर हुआ था विवाद
गौरतलब है कि 15 जून को रीवा के एक होटल में रेंजर बृजेन्द्र पांडेय को उनकी पत्नी ने एक महिला मित्र के साथ पकड़ा था। बताया गया था कि पत्नी के होटल पहुंचने पर कमरे में मौजूद महिला बाथरूम में छिप गई थी। इसके बाद होटल में काफी देर तक हंगामा चला और मामला चर्चा का विषय बन गया। सूत्रों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर रेंजर और संबंधित महिला वहां से निकल गए थे। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
ये भी पढ़ें – महामंडलेश्वर को मिली ‘सर तन से जुदा’ की धमकी… दो बार पहले भी हुए हमले!
पति-पत्नी के बीच पहले से चल रहा है विवाद
जानकारी के अनुसार रेंजर और उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय तक पहुंच चुका है और दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया भी जारी बताई जा रही है। रेंजर ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि अतीत में उनकी पत्नी ने उनके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसके चलते उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। बाद में दोनों ने आपसी सहमति से विवाह कर लिया था। हालांकि शादी के कुछ समय बाद फिर मतभेद बढ़ गए और मामला कोर्ट तक पहुंच गया।
कई पहलुओं से जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। चूंकि मामला पारिवारिक विवाद, होटल प्रकरण और चोरी की शिकायत से जुड़ा है, इसलिए सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला पूरे विंध्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
इंस्टाग्राम पर बना ‘करोड़पति’, हकीकत में निकला पुताई मजदूर… छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर ले गया!









