उज्जैन/आई संवाद/ धर्मनगरी उज्जैन में संत समाज से जुड़े एक प्रमुख धार्मिक व्यक्तित्व पर हुए हमले ने सनसनी फैला दी है। ज्ञानदास महाराज की स्कॉर्पियो कार पर देर रात अज्ञात युवकों ने पथराव कर दिया। हमले में महाराज सुरक्षित रहे, लेकिन वाहन के आगे के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
कार पर पत्थरों की बौछार
जानकारी के अनुसार, सदावल रोड स्थित आश्रम में निवासरत ज्ञानदास महाराज मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे देवास से उज्जैन लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो हनुमानगढ़ी क्षेत्र के पास पहुंची, चार अज्ञात युवकों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। वाहन नहीं रुकने पर आरोपियों ने अचानक कार पर पत्थरों की बौछार कर दी।
क्षेत्र में मचा हड़कंप
अचानक हुए हमले से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पथराव के कारण स्कॉर्पियो के आगे के शीशे टूट गए, हालांकि वाहन में सवार महामंडलेश्वर और अन्य लोग सुरक्षित रहे। घटना के तुरंत बाद ज्ञानदास महाराज महाकाल थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें – महामंडलेश्वर को मिली ‘सर तन से जुदा’ की धमकी… दो बार पहले भी हुए हमले!
भू-समाधि लेने की दी चेतावनी
महामंडलेश्वर ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि यदि इस प्रकार की घटनाएं जारी रहीं तो उन्हें किसी अन्य तीर्थ में जाकर बसने या भू-समाधि लेने जैसा कठोर निर्णय लेना पड़ सकता है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और पथराव करने वाले अज्ञात युवकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद संत समाज में भी नाराजगी और चिंता का माहौल है।
जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह का वीडियो चर्चा में… किनारे पर जाकर बैठे पूर्व मुख्यमंत्री!









