भोपाल/आई संवाद/ राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास पर महत्वपूर्ण रात्रिभोज बैठक आयोजित की। बैठक में पार्टी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन की जीत सुनिश्चित करने और संभावित क्रॉस वोटिंग को रोकने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। जिसमें वरिष्ठ नेताओं का भी साथ मिला। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पूरे समय डीनर में मौजूद रहे।
बेंगलुरु में रहेंगे कांग्रेस विधायक!
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा को अपनी चुनावी गणित साधने के लिए लगभग 10 अतिरिक्त विधायकों की आवश्यकता है। इसी बीच यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस के कुछ विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। ऐसी परिस्थितियों में कांग्रेस नेतृत्व अपने विधायकों को एकजुट बनाए रखने के लिए उन्हें राज्य से बाहर सुरक्षित स्थान पर भेजने की तैयारी कर रहा है। पहले विधायकों को हिमाचल प्रदेश ले जाने की योजना बताई जा रही थी, लेकिन अब उन्हें कर्नाटक के बेंगलुरु शिफ्ट किया जा रहा है, जिन्हें वोटिंग के दिन ही वापस लाया जाएगा।
जयवर्धन सिंह ने दिलाया भरोसा
बैठक के दौरान पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस के सभी 62 विधायक पार्टी प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में मैदान में उतरीं मीनाक्षी नटराजन मध्यप्रदेश से एकमात्र महिला उम्मीदवार हैं और उनका संसद के उच्च सदन में पहुंचना राज्य के लिए गौरव की बात होगी। जयवर्धन सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि भाजपा एक महिला उम्मीदवार की जीत रोकने का प्रयास कर रही है तो यह महिलाओं के प्रति उसकी सोच पर सवाल खड़ा करता है।
ये भी पढ़ें – राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस को लगा बड़ा झटका… वरिष्ठ नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने छोड़ी पार्टी
उमंग सिंघार को पूरी उम्मीद
बैठक के बाद उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस चुनाव को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे रही है और विधायकों के मतदान की पूरी प्रक्रिया का समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के सभी विधायक एकजुट होकर कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करेंगे। जिसके पीछे संदेश दिया गया है कि कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक पूरी तरह से एकजुट हैं।
इनके भाग्य का होगा फैसला
गौरतलब है कि कांग्रेस ने 4 जून को आगामी द्विवार्षिक राज्यसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पार्टी ने कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खड़गे, पवन खेड़ा और मंसूर अली खान, मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन, राजस्थान से नीरज डांगी, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती तथा झारखंड से प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है। जिनके भाग्य का फैसला 18 जून को 5 बजे के बाद हो होगा, क्योंकि इसी दिन राज्यसभा की इन सीटों के लिए मतदान होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राज्यसभा चुनाव: तीसरी सीट पर महेश केवट को उतारकर बीजेपी ने बनाया मुकाबला रोचक… कांग्रेस अलर्ट!









