naresh-gyanchandani-resign

राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस को लगा बड़ा झटका… वरिष्ठ नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने छोड़ी पार्टी

Share Latest News On:

भोपाल/आई संवाद/ मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इसी बीच कांग्रेस को एक बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रह चुके वरिष्ठ नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेज दिया है।

37 सालों से कांग्रेस के सदस्य
करीब 37 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहे ज्ञानचंदानी के इस कदम ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। उनका इस्तीफा ऐसे समय सामने आया है, जब राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति पूरी तरह सक्रिय है। माना जा रहा है कि कांग्रेस द्वारा मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद वे पार्टी नेतृत्व के फैसले से संतुष्ट नहीं थे।

दिग्विजय सिंह समर्थक हैं ज्ञानचंदानी
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि ज्ञानचंदानी लंबे समय से दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते रहे हैं। ऐसे में उम्मीदवार चयन को लेकर उनकी नाराजगी अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गई है। हालांकि उन्होंने अपने इस्तीफे में किसी विशेष कारण का उल्लेख किया है या नहीं, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़ें – राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस विधायकों की बाड़ाबंदी शुरु… दो कांग्रेस नेताओं को किया दिल्ली रवाना

आंतरिक खींचतान फिर उजागर
यह इस्तीफा ऐसे समय आया है जब कांग्रेस तीसरी राज्यसभा सीट पर अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। पार्टी एक ओर अपने विधायकों को एकजुट बनाए रखने की कवायद में जुटी हुई है, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ नेता के इस्तीफे ने संगठन के भीतर असंतोष और आंतरिक खींचतान की अटकलों को और बल दे दिया है।

राज्यसभा चुनाव कांग्रेस की कसौटी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले हुआ यह घटनाक्रम कांग्रेस के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नरेश ज्ञानचंदानी का यह फैसला प्रदेश कांग्रेस की राजनीति और राज्यसभा चुनाव के समीकरणों पर कितना प्रभाव डालता है।

राज्यसभा चुनाव: तीसरी सीट पर महेश केवट को उतारकर बीजेपी ने बनाया मुकाबला रोचक… कांग्रेस अलर्ट!