रतलाम/इंदौर/आई संवाद/ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल में रविवार को उत्साह और सहभागिता के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) के तहत मंडलभर में अधिकारियों, कर्मचारियों और रेलवे परिवार के सदस्यों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
राष्ट्रव्यापी कॉमन योग प्रोटोकॉल
मुख्य कार्यक्रम रतलाम स्थित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ग्राउंड में आयोजित किया गया, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के लाइव प्रसारण से हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने राष्ट्रव्यापी कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योग सत्र में भाग लिया। इस अवसर पर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन (WRWWO) रतलाम मंडल की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा, संगठन की सदस्याएं, विभिन्न विभागों के अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों के प्रतिनिधि और रेल कर्मचारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें – BSNL का ₹225 प्लान बना चर्चा का विषय… कम कीमत में 75GB डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग का दावा!
सकारात्मक सोच, तनावमुक्त जीवन का संदेश
योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। साथ ही नियमित योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने का संकल्प भी लिया। वक्ताओं ने कहा कि योग शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मंडल रेल प्रबंधक ने किया संबोधित
मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जो व्यक्ति को स्वस्थ शरीर, शांत मन और बेहतर जीवन दृष्टि प्रदान करती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने की अपील की।
ये भी पढ़ें – भोपाल के मिसरोद थाने में ‘फिक्स गवाहों’ का खेल?… आरटीआई में हुआ खुलासा!
बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने की सहभागिता
रेलवे सुरक्षा बल ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के अलावा रतलाम मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, कार्यशालाओं और अनुरक्षण इकाइयों में भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सहभागिता की।
नागरिकों को योग के लिए किया प्रेरित
योग दिवस के उपलक्ष्य में पश्चिम रेलवे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया। डिजिटल संदेशों, रचनात्मक पोस्ट और वीडियो सामग्री के जरिए कर्मचारियों, यात्रियों और आम नागरिकों को योग के प्रति प्रेरित किया गया।
इंदौर मेट्रो निर्माण में बड़ी चूक!… ऑडी कार पर गिरा मलबा, चालक सुरक्षित!









