सतना/आई संवाद/ सतना जिले के ऊंचेहरा थाना क्षेत्र स्थित परसमनिया गढ़ी में गुरुवार को हुए गोलीकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस घटना में नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए रीवा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीखी बहस के बाद विवाद
जानकारी के अनुसार, योगिता सिंह अपने पुत्र और भाई के साथ परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं। इसी दौरान उनका सामना सुनीता सिंह परिहार से हुआ, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर स्थिति हिंसक हो गई और सुनीता सिंह परिहार ने कथित तौर पर गोली चला दी। गोली योगिता सिंह के पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें – मीनाक्षी नटराजन मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इस अनुच्छेद का किया जिक्र… बड़ा झटका!
मौके पर पहुंची पुलिस
गोलीबारी की सूचना मिलते ही ऊंचेहरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सुनीता सिंह परिहार को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था और पूर्व में भी इस संबंध में पुलिस को शिकायतें की गई थीं। पुलिस अब घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार, विवाद की वास्तविक वजह और अन्य परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें – केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया बड़ा दावा… किसानों की हो रही बल्ले-बल्ले!
जांच के आधार पर कार्रवाई
इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर मेट्रो को मिलेगी रफ्तार…. 21 जून से शुरू होगा नियमित यात्री संचालन!









