इंदौर/आई संवाद/ शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में दो युवतियों की दोस्ती और साथ रहने की इच्छा को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसकी सहेली के परिजनों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार स्वाति नामक युवती की शिकायत पर नितेश, उमेश, कृष्णा और नेहा के विरुद्ध घर में घुसकर मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। स्वाति ने बताया कि उसकी एक युवती से पिछले पांच वर्षों से मित्रता है और दोनों एक साथ रहना चाहती हैं। इसी बात को लेकर सहेली के परिजन लगातार विरोध कर रहे हैं।
यात्रा पर गई थी दोनों युवतियां
पीड़िता के मुताबिक दोनों युवतियां मार्च में वैष्णो देवी, मथुरा, जम्मू-कश्मीर और हरिद्वार की यात्रा पर गई थीं। इसके बाद सहेली के पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने उनके संबंधों पर आपत्ति जतानी शुरू कर दी। आरोप है कि रविवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे सहेली के परिजन उसके घर पहुंचे और विवाद करने लगे।
ये भी पढ़ें – मूक बधिर बच्ची के साथ दुष्कर्म की कायराना हरकत… सलाखों के पीछे मासूम का रिश्तेदार!
सीसीटीवी कैमरों की होगी जांच
स्वाति का आरोप है कि विवाद के दौरान उमेश ने उसका सिर दीवार से टकरा दिया, जबकि अन्य लोगों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। उसने यह भी दावा किया कि आरोपियों ने उसे घर से बाहर निकालकर सड़क पर भी पीटा। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आई है।
साथ रहने की मांग
पीड़िता ने बताया कि वह और उसकी सहेली पहले भी पुलिस कमिश्नर से मिलकर सुरक्षा और साथ रहने की अनुमति की मांग कर चुकी हैं। उनकी शिकायत महिला थाने को भेजी गई थी। आरोप है कि वहां दोनों को अलग रहने की सलाह दी गई थी। बाद में सहेली को उसके परिजन अपने साथ ले गए थे, लेकिन वह कुछ समय बाद फिर स्वाति के पास लौट आई।










