इंदौर/आई संवाद/ इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक कारोबारी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद पत्नी, साली और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई मर्ग जांच, सुसाइड नोट और परिजनों के दर्ज बयानों के आधार पर की गई है।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विकास सोनी (42) निवासी ऋषभ एन्क्लेव, सर्वसंपन्न नगर, मानवता नगर, इंदौर के रूप में हुई है। 8 जून 2026 की रात उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था, जिसे जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
शादी के बाद बढ़ा पारिवारिक विवाद
मृतक की बड़ी बहन आरती सोनी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि विकास का विवाह 25 फरवरी 2026 को पूजा सोनी से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाह के दौरान बड़ी मात्रा में आभूषण और अन्य कीमती सामान दिए गए थे। उनका कहना है कि शादी के बाद पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद की स्थिति बनी रही।
ये भी पढ़ें – दो युवतियों के साथ रहने की इच्छा पर विवाद… घर में घुसकर मारपीट का आरोप!
परिजन का आरोप
परिवार का आरोप है कि पूजा सोनी अक्सर अपनी बहन सरस्वती सोनी के यहां रहती थीं और कई बार बिना जानकारी दिए अन्य स्थानों पर भी चली जाती थीं। इस दौरान विकास द्वारा संपर्क करने की कोशिश करने पर उन्हें अपेक्षित जवाब नहीं मिलता था। परिजनों के मुताबिक इन परिस्थितियों के कारण विकास मानसिक तनाव में रहने लगे थे।
संपत्ति को लेकर दबाव के आरोप
परिजनों ने पुलिस को बताया कि विकास सोनी इंदौर में व्यवसाय करते थे और उनके नाम पर मकान, दुकान सहित अन्य संपत्तियां थीं। इसके अलावा रीवा जिले के मऊगंज क्षेत्र में पुश्तैनी कृषि भूमि भी मौजूद है। आरोप लगाया गया है कि पत्नी और उसकी बहन द्वारा संपत्ति अपने नाम कराने तथा जमीन बेचने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। परिवार का दावा है कि आर्थिक और पारिवारिक दबाव के चलते विकास मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
ये भी पढ़ें – 12 साल की बच्ची से 78 साल का बुजुर्ग करता था छेड़छाड़… कोर्ट से सुनाई 5 साल की सजा!
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कनाड़िया पुलिस ने जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों, सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर पत्नी पूजा सोनी, उसकी बहन सरस्वती सोनी तथा अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर की अयोध्या में कुरुक्षेत्र का रण… आरएसएस कार्यकर्ता से मारपीट का वीडियो वायरल!










