Shyam Taylor BJYM Indore Visit

भाजयुमो अध्यक्ष के इंदौर दौरे से पहले पोस्टर विवाद… कांग्रेस ने साधा निशाना, भाजपा ने दी सफाई

Share Latest News On:

इंदौर/आई संवाद/ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के रविवार को प्रस्तावित इंदौर दौरे से पहले शहर में लगाए गए स्वागत बैनर और होर्डिंग्स को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पोस्टरों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और नगर निगम को घेरते हुए दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में पहचान बनाने वाले इंदौर में इस तरह सार्वजनिक स्थलों को राजनीतिक प्रचार सामग्री से भरना शहर की छवि को प्रभावित करता है। विपक्ष ने यह भी सवाल उठाया कि ब्रिक्स सम्मेलन जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान शहर की सुंदरता और व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी।

कांग्रेस ने उठाए अनुमति और कार्रवाई पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिन स्थानों पर पोस्टर लगाने पर आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं के मामले में प्रशासन और नगर निगम मौन बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी बिजली पोल, ट्रैफिक सिग्नल और सार्वजनिक संकेतक बोर्डों पर प्रचार सामग्री लगाई गई है, तो इसकी अनुमति किस आधार पर दी गई, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए। चौरसिया ने भाजपा संगठन पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में पदों को लेकर शक्ति प्रदर्शन और गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

ये भी पढ़ें – महाकाल मंदिर का लेजर शो अब फ्री नहीं… श्रद्धालुओं को चुकाने होंगे 100 रुपये!

भाजपा का जवाब- सभी होर्डिंग वैध अनुमति से लगाए गए
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा द्वारा लगाए गए सभी बैनर और होर्डिंग नगर निगम की निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति प्राप्त कर लगाए गए हैं तथा इसके लिए निर्धारित शुल्क भी जमा कराया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं को पहले ही निर्देश दिए गए थे कि शहर की सुंदरता को प्रभावित किए बिना केवल अधिकृत विज्ञापन स्थलों का उपयोग किया जाए। भाजपा का दावा है कि कहीं भी नियमों का उल्लंघन नहीं किया गया है।

सुबह निकलेगी साइकिल रैली, दिनभर रहेंगे कार्यक्रम
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर रविवार सुबह राजवाड़ा पहुंचकर देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद राजवाड़ा से गांधी हॉल तक साइकिल रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब एक हजार युवाओं के शामिल होने का दावा किया गया है। गांधी हॉल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी रखा गया है। इसके पश्चात वे मीसाबंदी फूलचंद वर्मा के निवास पर पहुंचेंगे तथा खजराना गणेश मंदिर में दर्शन करेंगे। दिनभर युवा संवाद, संगठनात्मक बैठकें, कार्यकर्ता संवाद और इंफ्लुएंसर मीटिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें – दिल्ली में कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया की पकड़ी कॉलर, महेश परमार को घसीटा… पुलिस पर आरोप!

स्थानीय कार्यकर्ताओं में जिम्मेदारियों को लेकर असंतोष
दौरे की तैयारियों के बीच संगठन के भीतर भी असंतोष की चर्चा है। प्रदेश कार्यकारिणी में इंदौर के कई पदाधिकारी होने के बावजूद कार्यक्रम संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अन्य जिलों के नेताओं को सौंपे जाने पर कुछ स्थानीय कार्यकर्ता नाराज बताए जा रहे हैं।

तीन बार टला दौरा, पहली बार इंदौर पहुंचेंगे श्याम टेलर
प्रदेश अध्यक्ष बनने के लगभग छह महीने बाद श्याम टेलर पहली बार इंदौर का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले उनका कार्यक्रम तीन बार स्थगित हो चुका है। संगठन के भीतर यह भी चर्चा है कि इंदौर शहर अध्यक्ष की नियुक्ति लंबित होने के कारण कार्यकर्ताओं में अपेक्षित उत्साह दिखाई नहीं दे रहा है।

भाजयुमो की बैठक में संगठनात्मक समन्वय पर उठे सवाल… नगर महामंत्री ने जताई नाराजगी!