भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली में अपने दो विधायकों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। शुक्रवार को प्रदेश के कई कांग्रेस विधायक राष्ट्रपति से मुलाकात करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस और विधायकों के बीच विवाद की स्थिति बन गई, जिसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं।
दिल्ली पहुंचे 61 विधायक
मिली जानकारी के अनुसार, मीनाक्षी नटराजन के नामांकन से जुड़े मामले में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा याचिका खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं की गतिविधियां दिल्ली में तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मध्यप्रदेश के 61 कांग्रेस विधायक राजधानी पहुंचे थे।
महेश परमार, विक्रांत भूरिया का फोटो वायरल
प्रदेश कांग्रेस ने विधायक महेश परमार और विक्रांत भूरिया के साथ पुलिस के व्यवहार को अनुचित और दमनात्मक करार देते हुए इसकी निंदा की है। पार्टी द्वारा साझा की गई तस्वीरों में महेश परमार को पुलिसकर्मियों द्वारा ले जाते हुए तथा विक्रांत भूरिया की कॉलर पकड़ते हुए एक पुलिसकर्मी दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें – इंदौर महापौर के पत्र का दिग्विजय सिंह ने किया स्वागत… फोन पर जताया आभार!
कांग्रेसियों में नाराजगी
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी का निशाना
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अन्याय के खिलाफ कांग्रेस की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
MP News: लाड़ली बहनों हो जाओ तैयार… इस दिन आएंगे खाते में 1500 रुपये!









