Mahakal Temple Laser Show

महाकाल मंदिर का लेजर शो अब फ्री नहीं… श्रद्धालुओं को चुकाने होंगे 100 रुपये!

Share Latest News On:

उज्जैन/आई संवाद/ विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब लेजर शो का आनंद लेना मुफ्त नहीं रहेगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने शो के लिए प्रवेश शुल्क तय कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को लेजर शो देखने के लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपये का भुगतान करना होगा। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दी गई है।

पहले लेजर शो था निशुल्क
गौरतलब है कि लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा इस आधुनिक लेजर शो को तैयार किया गया था। इसका लोकार्पण 25 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था। शुरुआत से ही श्रद्धालुओं को 25 मिनट का यह शो निशुल्क दिखाया जा रहा था। इस शो में वाटर स्क्रीन, फाउंटेन, लेजर लाइट और साउंड इफेक्ट्स के जरिए भगवान महाकाल की महिमा, मां शिप्रा का महत्व और उज्जैन की धार्मिक एवं पौराणिक विरासत को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाता है।

ये भी पढ़ें – ईरान के हमले में उज्जैन के व्यक्ति की मौत… भांजी की शादी में आने वाले थे मध्यप्रदेश!

रखरखाव में आता है डेढ़ लाख रुपये का खर्च
मंदिर प्रशासन के अनुसार शो के संचालन और रखरखाव पर हर महीने करीब डेढ़ लाख रुपये का खर्च आता है। इसी खर्च की पूर्ति और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुल्क लागू किया गया है। प्रशासन का तर्क है कि नियमित रखरखाव और तकनीकी संचालन के लिए आर्थिक संसाधनों की आवश्यकता होती है।

श्रद्धालुओं पर आर्थिक भार
हालांकि इस निर्णय को लेकर श्रद्धालुओं के बीच मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई श्रद्धालुओं का मानना है कि मंदिर और उससे जुड़े विभिन्न प्रकल्पों से होने वाली आय को देखते हुए लेजर शो को निशुल्क ही रखा जाना चाहिए था। उनका कहना है कि धार्मिक अनुभव से जुड़ी सुविधाओं पर शुल्क बढ़ने से आम श्रद्धालुओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें – एमपी बीजेपी को जल्द मिल सकता है नया संगठन महामंत्री… संघ के कई प्रचारक रेस में शामिल!

कई तरह के शुल्क लगाए
उल्लेखनीय है कि भस्म आरती, संध्या आरती और शयन आरती जैसी व्यवस्थाओं के बाद अब लेजर शो भी सशुल्क श्रेणी में शामिल हो गया है, जिससे मंदिर परिसर में उपलब्ध सेवाओं के शुल्क को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

दिल्ली में कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया की पकड़ी कॉलर, महेश परमार को घसीटा… पुलिस पर आरोप!