भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर अपने निर्माण कार्यों को लेकर चर्चा में है। पहले 90 डिग्री रेलवे ओवरब्रिज को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठे थे, वहीं अब शहर में पैदल यात्रियों के लिए बनाए गए एक फुटपाथ ने नई बहस छेड़ दी है। मामला शहर के वार्ड-32 स्थित पीएंडटी चौराहे का है, जहां सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत फुटपाथ का निर्माण कराया गया है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि फुटपाथ को इस तरह लोहे की ऊंची रेलिंग से घेर दिया गया है कि वहां पहुंचना ही मुश्किल हो गया है।
फुटपाथ किनारे लगाई तीन फीट की लोहे की रेलिंग
रहवासियों के अनुसार फुटपाथ के किनारे करीब तीन फीट ऊंची लोहे की फेंसिंग लगाई गई है। कई स्थानों पर पहले से मौजूद दीवार और नई रेलिंग के कारण पूरा फुटपाथ चारों ओर से बंद-सा दिखाई देता है। लोगों का कहना है कि जिस सुविधा को पैदल चलने वालों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बनाया गया, वही अब उनके लिए परेशानी का कारण बन गई है।
ये भी पढ़ें – बीजेपी विधायक संजय पाठक पर होगी FIR?… होईकोर्ट ने राज्य सरकार से मांगा जवाब!
सड़क पर चलने को मजबूर
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई हिस्सों में फुटपाथ पर चढ़ने या उसमें प्रवेश करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं छोड़ी गई। परिणामस्वरूप लोग फुटपाथ का उपयोग करने के बजाय सड़क पर चलने को मजबूर हैं। इससे न केवल पैदल यात्रियों को असुविधा हो रही है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
सुरक्षा के लिए चिंता का विषय
सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले यात्रियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस या अन्य वाहनों से उतरने के बाद यात्रियों के पास फुटपाथ तक पहुंचने का सीधा और सुरक्षित रास्ता नहीं है। ऐसे में उन्हें सड़क पर ही चलना पड़ता है, जो सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें – इंदौर में मानसून की जोरदार दस्तक… मौसम हुआ खुशनुमा, गर्मी और उमस से मिली राहत!
सुविधा या अव्यवस्था?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के नाम पर तैयार किए गए इस डिजाइन में पैदल यात्रियों की वास्तविक जरूरतों को नजरअंदाज कर दिया गया है। उनका मानना है कि योजना बनाते समय जमीनी परिस्थितियों और नागरिकों की सुविधाओं का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि रेलिंग के बीच उचित दूरी पर प्रवेश और निकास के लिए रास्ते बनाए जाएं, ताकि पैदल यात्री आसानी से फुटपाथ का उपयोग कर सकें।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने की विधायक महेंद्र हार्डिया की तारीफ… फायर ब्रिगेड से भी बताया फास्ट!









