indore-metro-construction-debris-falls

इंदौर मेट्रो निर्माण में बड़ी चूक!… ऑडी कार पर गिरा मलबा, चालक सुरक्षित!

Share Latest News On:

इंदौर/आई संवाद/ इंदौर में निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। विजयनगर क्षेत्र में मेट्रो निर्माण स्थल से अचानक भारी मलबा एक गुजर रही ऑडी कार पर आ गिरा। हादसे में कार को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि चालक बाल-बाल बच गया।

ऑडी कार पर गिरा मलबा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपूर्व जोशी अपनी ऑडी कार से बापट चौराहे से विजयनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मेट्रो निर्माण स्थल के समीप ऊपर से भारी मलबा उनकी कार पर आ गिरा। और कार का अगला शीशा,सनरूफ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

चालक बाल-बाल बचा
घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सौभाग्य से चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि उस समय वाहन में अन्य लोग मौजूद होते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

ये भी पढ़ें – इंदौर से उज्जैन के लिए नई फोरलेन सड़क का निर्माण… केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन!

निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित अपूर्व जोशी ने निर्माण कार्य कर रही एजेंसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद उन्होंने विजयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों और संबंधित एजेंसी की भूमिका की भी जांच की जाएगी। एसीपी पराग सोनी के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें – इंदौर में शुरू हुई डीजल की होम डिलीवरी… व्हाट्सएप पर ऑर्डर करते ही पहुंचेगा ईंधन!

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इंदौर मेट्रो परियोजना शहर के विकास की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है, लेकिन इस घटना ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा प्रबंधन को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि व्यस्त मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अब पुलिस जांच पर निगाहें
अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर क्या कार्रवाई की जाती है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने की विधायक महेंद्र हार्डिया की तारीफ… फायर ब्रिगेड से भी बताया फास्ट!