इंदौर/आई संवाद/ इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मंदिर में सेवा करने वाले 70 वर्षीय कैलाश मोदी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मंदिर के चौकीदार मुकेश शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मंदिर परिसर में शराब पीने का विरोध करने पर आरोपी ने बुजुर्ग सेवादार पर डंडे से लगातार हमला कर उनकी जान ले ली। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
वर्षों से कर रहे थे मंदिर की सेवा
जानकारी के अनुसार कैलाश मोदी वर्षों से मंदिर में सेवा कार्य कर रहे थे और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। परिजनों का कहना है कि मंदिर में चौकीदार के रूप में कार्यरत मुकेश शर्मा अक्सर परिसर में बैठकर शराब का सेवन करता था। कैलाश मोदी इस पर आपत्ति जताते थे और कई बार उसे ऐसा करने से रोक चुके थे।
ये भी पढ़ें – मध्यप्रदेश में दर्दनाक रेल हादसा… अफवाह के चक्कर में ट्रेन से लगाई छलांग!
डंडों से किए 31 वार
घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपना आपा खो दिया और हाथ में डंडा लेकर कैलाश मोदी पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी ने उन पर 31 बार डंडे से वार किए। जान बचाने के लिए कैलाश मोदी मंदिर परिसर से निकलकर पास स्थित गुरुद्वारे की ओर भागे, लेकिन आरोपी लगातार उनका पीछा करता रहा और हमला जारी रखा।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन अत्यधिक चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही अन्नपूर्णा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
ये भी पढ़ें – बीजेपी विधायक की बहू को मारी गोली… फायरिंग से क्षेत्र में मचा हड़कंप!
धार्मिक स्वभाव के व्यक्ति थे मृतक
परिजनों ने बताया कि कैलाश मोदी बेहद धार्मिक और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, जिन्होंने अपना अधिकांश समय मंदिर सेवा में समर्पित कर दिया था। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शराब पीने को लेकर हुए विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
मंदिर के पवित्रता के लिए दी जान
एक मामूली विवाद ने इतनी भयावह घटना का रूप ले लिया कि मंदिर की पवित्रता बनाए रखने का प्रयास कर रहे एक बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है, बल्कि पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की जांच जारी है।
रतलाम के पास स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था गंदा खेल… तीन थाईलैंड की युवतियां पकड़ाई!










