इंदौर/आई संवाद/ इंदौर में भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन के भतीजे चेतन शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चेतन शर्मा केंद्र सरकार, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई नेताओं पर तीखी टिप्पणियां करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है।
केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
वीडियो में चेतन शर्मा स्वयं को कांग्रेस कार्यकर्ता बताते हुए पूर्ववर्ती यूपीए सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के योगदान का जिक्र करते हुए देश में स्थापित कई संस्थानों और विकास परियोजनाओं को कांग्रेस शासन की उपलब्धि बताया। साथ ही उन्होंने वर्तमान केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों और कार्यशैली पर सवाल भी उठाए।
भाजपा नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी
वायरल वीडियो में चेतन शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा से जुड़े कई नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों खेमों में इसे लेकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
ये भी पढ़ें – मोहन मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय संतुलन बड़ी चुनौती… उपेक्षित संभागों की बढ़ीं उम्मीदें!
सत्तन गुरु के भाई का बेटा है चेतन शर्मा
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन ने कहा कि चेतन शर्मा उनके भाई के पुत्र हैं, लेकिन वे लंबे समय से उनकी राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने संबंधित वीडियो अभी तक नहीं देखा है, इसलिए उसके विषय में कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
एक और नया वीडियो किया जारी
विवाद बढ़ने के बाद चेतन शर्मा ने एक नया वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि पहले जारी वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का उपयोग किया गया था, जिसके लिए उन्हें खेद है।
ये भी पढ़ें – जीतू पटवारी के साले पर जानलेवा हमला… तलवार, लाठियों से हमले का आरोप!
कनुप्रिया सत्तन ने की आलोचना
इस बीच चेतन शर्मा की बहन और कांग्रेस नेता कनुप्रिया सत्तन ने भी वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी संवैधानिक पद की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है और राजनीतिक विरोध के दौरान भी मर्यादा का पालन होना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में उठाए गए कुछ मुद्दे आम जनता की समस्याओं और जनहित से जुड़े हुए हैं।
गांधीवादी विचारधारा की सीख
कनुप्रिया सत्तन ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व हमेशा गांधीवादी विचारधारा और संयमित भाषा में अपनी बात रखने पर जोर देता है। उन्होंने माना कि चेतन शर्मा को अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने बाद में अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांग ली है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।











