भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में काफी वक्त बाकी है, या ये कहें कि बीजेपी सरकार का अभी आधा कार्यकाल ही खत्म हुआ है। सत्ता के संघर्ष में कांग्रेस के लिए मुस्लिम वर्ग हमेशा एनर्जी से भरपूर रहा है। यह तबका प्रत्याशी की बजाय पंजा निशान को देखकर वोट करता आ रहा है, वहीं अबकी बार मध्यप्रदेश में भी AIMIM अभी से पूरा जोर लगाने के लिए तैयार है, बल्कि कहा जा रहा है कि मुस्लिम बहुल सीटों में ओवैशी की पार्टी बड़ा उलटफेर करने के लिए मैदान में उतरेगी।
असद्दुदीन ओवैशी पर लगाए आरोप
AIMIM प्रमुख असद्दुदीन ओवैशी को लेकर उनकी ही पार्ट के पूर्व नेता और टीवी चैनलों पर मुस्लिम वर्ग का पक्ष रखते दिखाई देने वाले भोपाल के पीरजादा तौकीर निजामी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश के माध्यम से असद्दुदीन ओवैशी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने कई गंभीर आरोपों की बरसात कर दी, जिनमें AIMIM को मुस्लिम प्रत्याशी को हराने वाली पार्टी तक बता दिया। अपने इस संदेश के जरिए उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं के सामने नई नजीर पेश करने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें – इंदौर के बीजेपी नेता के भतीजे ने मोदी-शाह को कहे अपशब्द… सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल!
ओवैशी की क्या ये सच्चाई?
मुस्लिम स्कॉलर पीरजादा तौकीर निजामी ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश के जरिए कहा कि ऐ कैसी कयादत है कि उत्तरप्रदेश के मटेरा विधानसभा जहाँ पर मुस्लिम विधायक है, वहां पर औवेसी साहब अपना उम्मीद्वार उतार रहें हैं, फिर आप नारे लगाते हो के तेरा मेरा रिश्ता क्या, लोगों को इमोशनल ब्लैकमेल करना बंद करो और सीधा-सीधा बताओ टी राजा से तुम्हारा रिश्ता क्या है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि औवेसी साहब के वजह से इस सीट पर मुस्लिम कयादत खतरे में आ गई है, अब भगवा कयादत जरूर आ जाएगी। जब मध्यप्रदेश में चुनाव होगा, तो क्या औवेसी साहब आरिफ मसूद और आतिफ अकील, जो कांग्रेस से विधायक है, उनके खिलाफ भी उम्मीदवार उतारेंगे? औवेसी साहब आप तो कहते हो के हमें नेता बनाने आये हो फिर ये बने हुए नेताओं को क्यों हराना चाहतें हो, क्या कोई एजेंडा सेट है आपका।
मुस्लिम सीटों पर छिड़ेगा घमासान
एमपी के आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मुस्लिम बहुल सीटों पर कांग्रेस और AIMIM के बीच अभी से जंग छिड़ने के संकेत मिलने लगे हैं। जिस तरह से कभी मध्यप्रदेश में मजलिस के चेहरा कहलाने वाले पीरजादा तौकीर निजामी ने ओवैशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उससे AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान की चुनावी तैयारियों पर असर पड़ सकता है, क्योंकि जब उन्होंने पद संभाला है, वे कई जिलों के दौरा कर चुके हैं, जिसके जरिए उन्होंने मुस्लिम वोटर्स को अपनी पार्टी के पक्ष में लाने के लिए भरसक प्रयास किया है।









