इंदौर/आई संवाद/ इंदौर-बुधनी रेल परियोजना के तहत मांगलिया गांव रेलवे स्टेशन का तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। रेलवे इस स्टेशन को भविष्य के एक महत्वपूर्ण जंक्शन और माल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ माल ढुलाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी कई निर्माण कार्य चल रहे हैं।
निर्माण गतिविधि ने पकड़ी तेजी
मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लेने पर स्टेशन परिसर में निर्माण गतिविधियां तेज गति से होती दिखाई दीं। प्लेटफॉर्म विस्तार का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और नया फुट ओवरब्रिज भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। हालांकि, कई महत्वपूर्ण सुविधाएं अभी निर्माणाधीन हैं, जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यात्री शेड और गुड्स शेड का निर्माण अधूरा
स्टेशन पर प्रस्तावित यात्री शेड और गुड्स शेड का निर्माण अभी अधूरा है। इनके लिए लोहे की संरचना तैयार कर दी गई है, लेकिन छत का कार्य बाकी है। ऐसे में गर्मी के मौसम में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें – मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में बदलाव… अब 15 जून तक किए जा सकेंगे दावे-आपत्तियां
जनसंपर्क अधिकारी ने दी जानकारी
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। इनमें ऑल-वेदर एप्रोच रोड, पीसीसी फ्लोरिंग, सर्कुलेशन और हैंडलिंग एरिया का विकास, कवर शेड, हाई मास्ट लाइट, पेयजल व्यवस्था, महिला एवं पुरुष विश्राम कक्ष, शौचालय ब्लॉक, गुड्स ऑफिस और ट्रेडर्स रूम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
सुविधाजनक होगा मांगलिया रेलवे स्टेशन
इसके अलावा मांगलिया गुड्स शेड पर अतिरिक्त हाई मास्ट लाइट, महिलाओं के लिए अलग विश्राम कक्ष और शौचालय सहित कई अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। रेलवे का उद्देश्य स्टेशन को यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों दोनों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है।
माल परिवहन का बनेगा बड़ा हब
माल परिवहन के लिहाज से भी मांगलिया स्टेशन की भूमिका महत्वपूर्ण होने जा रही है। स्टेशन के दोनों ओर नए गुड्स शेड विकसित किए जा रहे हैं, जिससे पेट्रोलियम उत्पादों और सोयाबीन आधारित उत्पादों की आपूर्ति को बेहतर बनाया जा सके। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि भविष्य में मांगलिया क्षेत्र माल ढुलाई का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
ये भी पढ़ें – दो युवतियों के साथ रहने की इच्छा पर विवाद… घर में घुसकर मारपीट का आरोप!
सात नए हाल्ट स्टेशन का निर्माण
इंदौर-बुधनी रेल मार्ग पर बुनियादी ढांचे के विस्तार के तहत 10 नई रेलवे क्रॉसिंग और सात नए हाल्ट स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। वहीं एक फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और इसके लिए पिलर खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि स्टेशन परिसर के कुछ भवनों और कमरों का निर्माण अभी शेष है।
अर्थवर्क के काम में तेजी
इंदौर-बुधनी रेल लाइन पर अर्थवर्क का काम भी तेजी से जारी है। रेलवे क्रॉसिंग के पास नई लाइन बिछाने के लिए बड़े पैमाने पर मिट्टी भराई और भूमि समतलीकरण किया जा रहा है। ट्रैक बिछाने के लिए रेलवे स्लीपर भी साइट पर पहुंच चुके हैं और तैयारी अंतिम चरण में है।
किसानों के विरोध से काम प्रभावित
कुछ स्थानों पर भूमि संबंधी विवाद और किसानों के विरोध के कारण काम प्रभावित हुआ है, फिर भी रेलवे परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करने के प्रयास जारी हैं। परियोजना के पूरा होने के बाद इंदौर और बुधनी के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा तथा क्षेत्र के औद्योगिक और व्यापारिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
राज्यसभा चुनाव: तीसरी सीट पर महेश केवट को उतारकर बीजेपी ने बनाया मुकाबला रोचक… कांग्रेस अलर्ट!











