भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। खासकर तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। भाजपा नेताओं के लगातार दावों और संकेतों के बाद कांग्रेस भी अब आक्रामक रुख अपनाने लगी है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा को खुली चेतावनी देते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने की नसीहत दी है।
‘लोकतंत्र से खिलवाड़ हुआ तो जवाब मिलेगा’
राज्यसभा की तीसरी सीट को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह आश्वस्त है और उसकी सीट पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का उम्मीदवार तय है और किसी तरह की कोई अनिश्चितता नहीं है। पटवारी ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा जाना लगभग तय है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय मर्यादाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। यदि कोई दल राजनीतिक लाभ के लिए अनुचित तरीके अपनाने का प्रयास करेगा तो कांग्रेस भी उसका मजबूती से जवाब देगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जरूरत पड़ी तो ‘ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।’
ये भी पढ़ें – राज्यसभा चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल… कैलाश विजयवर्गीय के बयान ने बढ़ाया सियासी तापमान!
भाजपा के बयानों से बढ़ी राजनीतिक चर्चा
दरअसल, तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर भाजपा नेताओं के बयान लगातार सामने आ रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय पहले ही कांग्रेस के खाते में मानी जा रही सीट पर दावा जताते हुए उसे जीतने की कोशिश करने की बात कह चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया बयान ने भी राजनीतिक चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है। इंदौर में मीडिया से चर्चा के दौरान जब मुख्यमंत्री से तीसरी सीट पर भाजपा प्रत्याशी उतारने की संभावना को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘तीसरी सीट जाएगी कहां?’ मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीतिक फिजा में नई अटकलें शुरू हो गईं।
क्रॉस वोटिंग की आशंका बनी चर्चा का विषय
हालांकि विधानसभा में संख्या बल के आधार पर कांग्रेस अपनी सीट को लेकर आश्वस्त दिखाई दे रही है, लेकिन क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं को लेकर पार्टी पूरी तरह सतर्क है। भाजपा की ओर से लगातार आ रहे संकेतों और बयानों ने चुनाव को रोचक बना दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि तीसरी सीट पर राजनीतिक दल किस रणनीति के साथ आगे बढ़ते हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव का बयान… ‘तीसरी सीट जाएगी कहां’? तीसरी सीट पर बीजेपी के दो नाम तैयार!









