LPG Cylinder Price Increase

घरेलू गैस सिलेंडर फिर हुआ महंगा… कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर बोला हमला!

Share Latest News On:

नई दिल्ली/आई संवाद/ आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका देते हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। इसके साथ ही दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है, जब घरेलू एलपीजी के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी।

कांग्रेस का केंद्र सरकार पर तीखा हमला
गैस कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि महंगाई लगातार आम लोगों पर बोझ बढ़ा रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।

खड़गे ने जमकर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी एलपीजी दरों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कुल 89 रुपये की वृद्धि हुई है, जिससे आम परिवारों के रसोई बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है।

ये भी पढ़ें – ‘ट्रैफिक कॉप’ को सोशल मीडिया का चस्का पड़ा भारी… नौकरी से धोना पड़ा हाथ!

नियमित रूप से नहीं भरवा पा रहे सिलेंडर
खड़गे ने सरकार से कई सवाल पूछते हुए कहा कि संसद में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर किए गए दावों का क्या हुआ और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस उपलब्धता की समस्या अब भी क्यों बनी हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बड़ी संख्या में लाभार्थी परिवार उज्ज्वला योजना के तहत नियमित रूप से सिलेंडर नहीं भरवा पा रहे हैं, जो बढ़ती कीमतों का संकेत है।

‘तेल कंपनियां अच्छा कमा रहे मुनाफा’
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी मूल्य वृद्धि पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब सरकारी तेल विपणन कंपनियां अच्छा मुनाफा कमा रही हैं तो घरेलू एलपीजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का औचित्य स्पष्ट किया जाना चाहिए। दूसरी ओर, तेल कंपनियों और सरकारी अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में बढ़ती लागत और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव का असर ईंधन कीमतों पर पड़ रहा है। इसी वजह से घरेलू गैस की कीमतों में संशोधन किया गया है।

LPG सिलेंडर के फिर बढ़े दाम… 40 रुपये हुआ महंगा, जानिये किस शहर में क्या दाम!