खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लिए गए नमूने, अनियमितताओं पर नोटिस जारी

Share Latest News On:

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सघन कार्रवाई: इंदौर में 20 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित, शिकायतों पर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लिए गए नमूने, अनियमितताओं पर नोटिस जारी
—
चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य कारोबारकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण

इंदौर,आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्य प्रदेश के निर्देशन में तथा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, खाद्य नमूना संग्रहण एवं जनजागरूकता की कार्रवाई निरंतर की जा रही है।

*13 अक्टूबर 2026 की कार्रवाई*

*द करी किचन, स्कीम नंबर 78, इंदौर*: दूरभाष पर प्राप्त शिकायत के आधार पर प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रसोई में खाद्य पदार्थ खुले रखे पाए गए, तैयार खाद्य पदार्थों पर टैगिंग नहीं थी, डस्टबिन खुले पाए गए तथा खाद्य पदार्थों का भंडारण व्यवस्थित नहीं था। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं खाद्य निर्माण में प्रयुक्त पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं पाई गई। प्रतिष्ठान से तुवर दाल, आटा, मैदा, लौंग सेव एवं गुलाब जामुन के कुल 5 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। पाई गई कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

*जेप्टो स्टोर, सिलिकॉन सिटी*: क्रीमिया डेट्स खराब होने संबंधी शिकायत के आधार पर स्टोर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण एवं स्टोर के अभिलेखों की जांच के दौरान शिकायत में उल्लेखित संबंधित ब्रांड एवं बैच नंबर की डेट्स उपलब्ध नहीं पाई गईं। स्टोर में उपलब्ध अन्य डेट्स एवं खाद्य सामग्रियों की भी जांच की गई, जिसमें मौके पर कोई भी एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नहीं पाई गई।

*थ्री झन्नाट कचौरी एवं झन्नाट कचौरी सेंटर, सिलिकॉन सिटी*: दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच हेतु नमूने संग्रहित किए गए। थ्री झन्नाट कचौरी से तैयार कचौरी एवं मिर्च के 2 नमूने तथा झन्नाट कचौरी सेंटर से कचौरी, मैदा एवं सोयाबीन तेल के 3 नमूने लिए गए। सभी नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

*जय श्री जगदीश्वर नमकीन, स्वीट्स एवं डेयरी, द्वारकापुरी*: प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर मलाई बर्फी एवं मिल्क केक के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य परीक्षण रिपोर्ट, पानी की जांच रिपोर्ट एवं कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। इस संबंध में प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं।

*लव यू पिज्जा एंड सैंडविच, पाटनीपुरा चौराहा*: FoSCoS पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर श्री नितिन राय द्वारा बताया गया कि मोमोज किसी अन्य दुकान से खरीदे जाते हैं। इस जानकारी के आधार पर मोमोज निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया गया, जहां मोमोज का निर्माण होते पाया गया। निर्माण स्थल से कच्ची खाद्य सामग्री पनीर एवं मैदा के 2 नमूने तथा लव यू पिज्जा एंड सैंडविच से शिकायत में उल्लेखित वेज स्टीम्ड मोमोज का 1 नमूना, कुल 3 नमूने मानक स्तरों की जांच हेतु संग्रहित किए गए। नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। मोमोज निर्माण में लगे कर्मचारियों को चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से रसोई एवं व्यक्तिगत स्वच्छता तथा विभिन्न प्रकार की मिलावट के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया।

*स्विन्स्टा ईएनटी प्राइवेट लिमिटेड, निपानिया, इंदौर*: व्हाट्सएप पर प्राप्त शिकायत के आधार पर प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय खाद्य लाइसेंस में दर्ज प्रभारी व्यक्ति एवं नामांकित व्यक्ति मौके पर उपस्थित नहीं पाए गए तथा उनके संबंध में संतोषजनक जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई। लाइसेंस में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर भी संबंधित व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त नहीं हुई। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं थे, डीप फ्रीजर का तापमान दर्शाने वाला डिस्प्ले बंद पाया गया तथा खाद्य एवं अखाद्य पदार्थ एक साथ संग्रहित पाए गए। प्रतिष्ठान से शिकायत में उल्लेखित सिल्वर क्वाइन आटे का 1 नमूना जांच हेतु लिया गया। पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित फर्म को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।

*विशेष अभियान: चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा जागरूकता एवं प्रशिक्षण*

खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (Food Safety on Wheels), वाहन क्रमांक MP02AV7408 के माध्यम से आज दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को मोमोस हब, क्रिश्चियन एलिमेंट, इंदौर में खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं खाद्य कर्मियों के लिए जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कर्मचारियों को विभिन्न मसालों, खाद्य रंगों एवं चांदी के वर्क में संभावित मिलावट की पहचान के घरेलू उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही कैप, ग्लव्स एवं एप्रन का उपयोग करने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का उचित रखरखाव करने तथा परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के संबंध में समझाइश दी गई।
खाद्य सामग्री खरीदते एवं उपयोग करते समय लेबल पर अंकित निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, एफएसएसआई लाइसेंस नंबर, सामग्री के खाद्य अथवा अखाद्य होने तथा उसमें प्रयुक्त अवयवों की जांच करने की जानकारी भी दी गई। इस पहल का उद्देश्य खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुरक्षित खाद्य प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा खाद्य कर्मियों को आवश्यक स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करना है।

*12 अक्टूबर 2026 की कार्रवाई*

*ममता फूड्स, नावदा पंथ, धार रोड, इंदौर:* प्रतिष्ठान का निरीक्षण श्री कैलाश कुमावत की उपस्थिति में किया गया। निरीक्षण के दौरान फरियाली आलू चिप्स एवं चरखा आलू मिक्सचर के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, खाद्य परीक्षण रिपोर्ट, पानी की जांच रिपोर्ट तथा कच्ची खाद्य सामग्री के उचित रखरखाव के संबंध में कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं।
*आरकेएस राधिका वेफर्स, नमकीन, स्वीट्स, नवादा पंथ, धार रोड:* प्रतिष्ठान का निरीक्षण प्रभारी श्री रोशन कुमावत की उपस्थिति में किया गया। निरीक्षण के दौरान आलू चिप्स एवं पाम ऑयल के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, खाद्य परीक्षण रिपोर्ट एवं पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाए जाने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं।

*नमूनों की स्थिति*

13 अक्टूबर 2026 को विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 16 खाद्य नमूने तथा दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को कुल 4 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। इस प्रकार दोनों दिनों की कार्रवाई में कुल 20 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। सभी संग्रहित नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने, मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं जागरूकता की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
—