स्वस्थ नारी से ही समृद्ध होगा देश : महिला सशक्तिकरण की गूंज के साथ हुआ सम्मान समारोह

Share Latest News On:

स्वस्थ नारी से ही समृद्ध होगा देश : महिला सशक्तिकरण की गूंज के साथ हुआ सम्मान समारोह
—-
महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (MYH) में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

इंदौर, इंदौर के महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (MYH) में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक अत्यंत गरिमामयी और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज और चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं के अमूल्य योगदान को सराहने के उद्देश्य से आयोजित इस वर्ष के कार्यक्रम का मुख्य विषय “सशक्त नारी, सशक्त देश स्वस्थ नारी, समृद्ध देश” रखा गया था। कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि एक स्वस्थ महिला ही एक स्वस्थ और विकसित राष्ट्र की नींव रख सकती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती यांगचेन भूटिया शामिल हुईं। अपने प्रेरणादायक और ओजस्वी संबोधन में उन्होंने समाज में महिलाओं की अपरिहार्य भूमिका और सुरक्षा पर प्रकाश डाला। श्रीमती भूटिया ने कहा, “नारी के बिना सृष्टि और समाज की कल्पना भी असंभव है। आज की महिला हर मोर्चे पर डटकर खड़ी है, लेकिन उनका स्वास्थ्य और सशक्तिकरण ही विकसित भारत की असली पहचान है। हमें महिलाओं के लिए एक ऐसा सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण तैयार करना होगा, जहाँ वे अपनी पूरी क्षमता के साथ देश के विकास में भागीदार बन सकें।
इस अवसर पर चिकित्सा, सुरक्षा और अध्यात्म के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिष्ठित महिला विभूतियां उपस्थित थीं। अतिथियों ने महिला स्वास्थ्य, जागरुकता और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में सीनियर कमांडेन्ट सीमा सुरक्षा बल डॉ. मिता, डॉ. अमित जुल्का, ब्रह्मकुमारी हेमलता, डॉ. प्रीति जैन, डॉ. सुमित्रा यादव, डॉ. केशकली शर्मा, डॉ. परिधि शिवदे, डॉ. संगीता पानेरी, डॉ. साधना सोढानी विशेष रूप से मौजूद थीं।
कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में विभाग की नारी शक्तियां डॉ. अमृता त्रिपाठी, डॉ. खुशबू लिखार, डॉ. निधि शर्मा, श्रीमती कविता शाह, श्रीमती अफसाना खान, श्रीमती गुरमीत कौर, श्रीमती संगीता जोशी, श्रीमती अनुराधा गुप्ता एवं चिकित्सालय की कुशल वक्ता श्रीमती निकिता यादव, प्रभारी डायलिसिस यूनिट का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक एमवाय चिकित्सालय डॉ. अशोक यादव के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप देने और इसके सफल संचालन में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों विशेषकर डॉ. नरेन्द्र वर्मा, डॉ. रामू ठाकुर और डॉ. सचिन शर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन एक भावपूर्ण सम्मान समारोह के साथ हुआ। कोरोना काल से लेकर आज तक चिकित्सालय में अपनी सेवाएँ देने वाली महिला डॉक्टर्स, नर्सेस और अन्य महिला स्वास्थ्य कर्मियों को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *