indore-ev-showroom-fire

Indore News: सुबह-सुबह मची जमकर अफरा-तफरी… EV शोरुम में लगी भीषण आग से कई वाहन जले!

Share Latest News On:

इंदौर/आई संवाद/ इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। खालसा चौक के समीप स्थित बहुमंजिला भवन के भूतल पर संचालित शोरूम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। भवन की ऊपरी मंजिलों पर आवासीय फ्लैट होने के कारण वहां रहने वाले लोग भी खतरे में आ गए।

सीढ़ियों तक पहुंची आग
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे शोरूम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। उस समय फ्लैटों में रहने वाले अधिकांश लोग सो रहे थे। कुछ ही देर में घना धुआं ऊपर तक पहुंच गया, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वे घबराकर बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। लेकिन आग और धुएं ने सीढ़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके कारण लोग नीचे नहीं उतर पा रहे थे।

ये भी पढ़ें – गोवध मामले का मुख्य आरोपी इमरान खटखट गिरफ्तार… टूटे पैरों के साथ कोर्ट में किया गया पेश!

पड़ोसियों ने की मदद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भवन के निवासी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने पहले लोगों को छत पर पहुंचने की सलाह दी और फिर दोनों इमारतों के बीच सीढ़ियों की मदद से अस्थायी मार्ग तैयार किया। इसके जरिए कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ लोगों को रस्सियों के सहारे नीचे उतारकर उनकी जान बचाई गई।

कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन विभाग के उप निरीक्षक बलजीत हुड्डा के अनुसार इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन करने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि संबंधित ईवी शोरूम और सर्विस सेंटर किस कंपनी का था।

BREAKING NEWS: भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव के महंत ने त्यागा अन्न-जल… हुए नाराज!