इंदौर के गौरव रणदिवे बने हर घर तिरंगा अभियान के प्रदेश संयोजक

इंदौर के गौरव रणदिवे बने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के प्रदेश संयोजक

Share Latest News On:

9 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में निकलेंगी तिरंगा यात्राएं, हर घर तिरंगा फहराने का दिया जाएगा संदेश

भोपाल/इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री और इंदौर के गौरव रणदिवे को मध्यप्रदेश में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ और तिरंगा यात्राओं का प्रदेश संयोजक बनाया गया है। पार्टी संगठन ने उन्हें प्रदेशभर में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। जिम्मेदारी मिलने के बाद रणदिवे के नेतृत्व में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तिरंगा यात्राओं और जनभागीदारी को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

देश की आजादी के पर्व को लेकर 9 से 15 अगस्त तक मध्यप्रदेश में विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इन यात्राओं में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित पार्टी के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे। जिला, ब्लॉक और वार्ड स्तर तक अभियान को पहुंचाने की तैयारी की गई है।

अभियान के माध्यम से लोगों को अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तिरंगा यात्राओं के दौरान देशभक्ति और राष्ट्र गौरव का संदेश भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता भी अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।

रणदिवे ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल किसी संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने वाला जनअभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के हर हिस्से में सक्रिय रूप से जुटेंगे।