इंदौर/आई संवाद/ शहरवासियों को अब डीजल लेने के लिए पेट्रोल पंप तक जाने की जरूरत नहीं होगी। इंदौर में पहली बार ‘जिप्प फ्यूल’ नामक डीजल होम डिलीवरी सेवा शुरू की गई है, जिसके तहत उपभोक्ता सिर्फ एक व्हाट्सएप संदेश भेजकर अपने घर, कार्यालय या कार्यस्थल पर डीजल मंगा सकेंगे।
पलसीकर कॉलोनी के पेट्रोल पंप पर सुविधा
यह सुविधा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के अधिकृत डीलर द्वारा पलसीकर कॉलोनी स्थित पेट्रो फिलिंग स्टेशन से शुरू की गई है। इंदौर पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पेट्रो फिलिंग स्टेशन के संचालक राजेंद्र सिंह वासु ने बताया कि सेवा का शुभारंभ 19 जून को किया गया। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को डीजल पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) से स्वीकृत विशेष सुरक्षा कंटेनरों में उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था ईंधन के परिवहन और भंडारण से जुड़े सभी सरकारी सुरक्षा मानकों के अनुरूप है।
ये भी पढ़ें – 90 डिग्री ब्रिज के बाद भोपाल में एक और अजूबा निर्माण… फुटपाथ बना चलने वालों के लिए रास्ता बंद!
नियमों की सख्ती से बढ़ी थी उपभोक्ताओं की परेशानी
पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के कारण डीजल वितरण के नियमों को और कड़ा किया गया था। इसके तहत डीजल केवल वाहनों में भरने तथा अधिकृत कंटेनरों में ही उपलब्ध कराने के निर्देश लागू किए गए थे। इससे जनरेटर संचालकों, किसानों, निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली मशीनरी और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को डीजल प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। राजेंद्र सिंह वासु के अनुसार, इन्हीं समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से यह नई सेवा शुरू की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और नियमों के अनुरूप डीजल उपलब्ध कराया जा सके। उनका दावा है कि यह सेवा न केवल इंदौर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में अपनी तरह की पहली पहल है।
व्हाट्सएप पर होगा आसान ऑर्डर
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को व्हाट्सएप नंबर 8839818718 पर संदेश भेजना होगा। चैटबॉट आधारित प्रणाली के माध्यम से उपभोक्ता डीजल की मात्रा, डिलीवरी स्थान, समय और भुगतान विकल्प का चयन कर सकेंगे।
चार घंटे में डिलीवरी का लक्ष्य
प्रारंभिक चरण में यह सेवा इंदौर के अधिकांश क्षेत्रों में उपलब्ध रहेगी। कंपनी का दावा है कि ऑर्डर मिलने के बाद अधिकतम चार घंटे के भीतर डीजल की आपूर्ति कर दी जाएगी। डिलीवरी वाहनों में प्रमाणित माप उपकरण और पांच लीटर क्षमता के कैलिब्रेटेड मापक यंत्र लगाए गए हैं, जिससे ग्राहकों को निर्धारित मात्रा में डीजल मिलने की पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
NEET-2026 अभ्यर्थियों के लिए रेलवे की विशेष पहल… भोपाल समेत प्रमुख स्टेशनों पर सहायता केंद्र शुरू!











