भोपाल/आई संवाद/ राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) 21 जून 2026 को आयोजित होने जा रही है। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं।
विशेष सहायता हेल्प डेस्क लगाई
परीक्षा केंद्रों वाले प्रमुख शहरों भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), गुना और अशोकनगर के रेलवे स्टेशनों पर विशेष सहायता केंद्र (हेल्प डेस्क) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर तैनात रेलवे कर्मचारी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने, स्थानीय यातायात सुविधाओं और अन्य आवश्यक जानकारियों से अवगत कराएंगे।
विभिन्न उपयोग सूचनाएं कराई उपलब्ध
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के अनुसार, हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों का मार्ग, परिवहन व्यवस्था, स्टेशन परिसर की सुविधाओं सहित विभिन्न उपयोगी सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए पूछताछ सेवाओं और उद्घोषणा प्रणाली को भी अधिक प्रभावी बनाया गया है।
ये भी पढ़ें – रेलवे ने दी यात्रियों को राहत… इंदौर-भोपाल-रतलाम और डॉ. अंबेडकर नगर-बांद्रा के बीच चलेंगी विशेष ट्रेनें!
अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती
परीक्षा के दिन रेलवे सुरक्षा बल (RPF), वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे। जरूरत पड़ने पर भीड़ नियंत्रण, कतार प्रबंधन और दिशा-निर्देशन की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
विशेष निगरानी व्यवस्था की लागू
रेलवे के अनुमान के अनुसार भोपाल में 13,774, गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 तथा अशोकनगर में 865 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसे देखते हुए संबंधित स्टेशनों पर विशेष निगरानी और सहायता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचें और किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर हेल्प डेस्क या रेलवे कर्मचारियों से संपर्क करें।









