इंदौर/आई संवाद/ स्प्रेडिंग स्माइल्स संस्था द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह – वर्ष 7 का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन सम्पन्न हुआ। समारोह में आर्थिक रूप से कमजोर, श्रमिक एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले उन विद्यार्थियों का सम्मान किया गया जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में 40 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर सफलता अर्जित की।
विद्यार्थियों को भेंट किए उपयोगी उपहार
समारोह में विद्यार्थियों को सम्मान-पत्र प्रदान किए गए तथा शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से लैपटॉप, साइकिल एवं अन्य उपयोगी उपहार लॉटरी प्रणाली के माध्यम से वितरित किए गए। उपहार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की खुशी और उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
संस्था संरक्षक ने दी जानकारी
संस्था के संरक्षक अशोक अधिकारी ने कहा कि ‘हम मानते हैं कि हर बच्चे की मेहनत सम्मान की हकदार है। समाज में ऐसे हजारों बच्चे हैं जो अभावों के बीच पढ़ाई कर रहे हैं। प्रतिभा सम्मान का उद्देश्य केवल अंक नहीं, बल्कि संघर्ष, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का सम्मान करना है। जब किसी बच्चे को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया जाता है, तो उसका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाता है’।
ये भी पढ़ें – गुटकेश्वर मंदिर-सदर बाजार मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई.. अवरोधक निर्माण हटाए
संस्था के अध्यक्ष ने बताया विजन
संस्था के अध्यक्ष राहुल लोदवाल ने कहा कि ‘श्रमिक बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के सपनों को उड़ान देना ही स्प्रेडिंग स्माइल्स का उद्देश्य है। कई माता-पिता दिनभर मजदूरी कर अपने बच्चों को पढ़ाते हैं। यह सम्मान उन बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता के त्याग, संघर्ष और उम्मीदों का भी सम्मान है। हमें विश्वास है कि आज सम्मानित हुए विद्यार्थी भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन करेंगे’।
कठिन परिस्थितियों को मिला संबल
राहुल लोदवाल ने बताया कि ‘पिछले सात वर्षों से संस्था शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और प्रतिभा प्रोत्साहन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है तथा हजारों विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का प्रयास कर चुकी है’। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक, समाजसेवी, पत्रकार साथी एवं नागरिक उपस्थित रहे। समारोह ने यह संदेश दिया कि सफलता केवल बड़े अंकों की नहीं होती, बल्कि कठिन परिस्थितियों में हार न मानने की भावना ही वास्तविक प्रतिभा होती है।
ये रहे कार्यक्रम में उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर लोकसभा सांसद शंकर लालवानी, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, भाजपा नगर मंत्री स्वाति काशीद, भाजपा नगर मंत्री नेहा शर्मा, विधानसभा-5 के विधायक महेंद्र हार्डिया, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, पूर्व आईपीएस अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी, वरिष्ठ समाजसेवी गणेश चौधरी, पूर्व अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष सेम पावरी, समाजसेवी राहुल जैन, समाजसेवी अमित चावला, भाजपा नेता मनोज परमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश में फिर शुरु होगा निगम-मंडल में नियुक्तियों का दौर… इंदौर से कई नेताओं को पद की आस!










