इंदौर/आई संवाद/ नगर भाजपा में मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की नियुक्तियों की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। संगठन की ओर से जिला इकाइयों पर जल्द पैनल भेजने का दबाव बनाया जा रहा है। इसी बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा के बाद अब महिला मोर्चा अध्यक्ष पद को लेकर सबसे ज्यादा राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है। स्थिति ऐसी है कि युवा और वरिष्ठ नेत्रियों के बीच सीधी प्रतिस्पर्धा बन गई है, जबकि पार्टी के अधिकांश वरिष्ठ नेता इस विवाद से दूरी बनाए हुए हैं।
जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की कवायद जारी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सभी जिला अध्यक्षों को मोर्चा और प्रकोष्ठों के गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा कोर कमेटी के सदस्यों से संभावित नामों पर रायशुमारी कर रहे हैं। हालांकि महिला मोर्चा के मामले में किसी भी बड़े नेता ने खुलकर किसी एक नाम पर सहमति नहीं जताई है।
दो धड़ों में चल रही लॉबिंग
पार्टी सूत्रों के अनुसार इस बार महिला मोर्चा अध्यक्ष पद को लेकर दो स्पष्ट धड़े दिखाई दे रहे हैं। एक ओर युवा नेत्रियां हैं, जो संगठन में नई पीढ़ी को नेतृत्व देने की पैरवी कर रही हैं। उनका मानना है कि लंबे समय से अनुभवी चेहरों को अवसर मिलता रहा है, जबकि अब संगठन को नए नेतृत्व की जरूरत है। दूसरी ओर वरिष्ठ नेत्रियां अनुभव और संगठनात्मक समझ को प्राथमिकता देने की बात कह रही हैं। उनका तर्क है कि महिला मोर्चा पार्टी का महत्वपूर्ण संगठनात्मक मंच है, जिसकी जिम्मेदारी अनुभवी हाथों में ही रहनी चाहिए।
ये भी पढ़ें – इंदौर बीजेपी अजा मोर्चा अध्यक्ष पद के दावेदार तैयार… जल्द होगी घोषणा!
सुमित्रा महाजन ने नहीं दिया नाम
इस बार पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और इंदौर की आठ बार सांसद रहीं सुमित्रा महाजन ने भी नियुक्ति प्रक्रिया में सक्रिय हस्तक्षेप नहीं किया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने कुछ नाम प्रदेश महिला मोर्चा नेतृत्व को सुझाए थे, लेकिन उन सुझावों को अपेक्षित महत्व नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने इस प्रक्रिया से दूरी बना ली। वहीं सांसद शंकर लालवानी अपनी समर्थक और पार्षद संध्या यादव के पक्ष में माने जा रहे हैं। उन्होंने संध्या यादव का नाम प्रदेश महिला मोर्चा के लिए भी आगे बढ़ाया था। ऐसे में उनकी दावेदारी को मजबूत माना जा रहा है।
महिला मोर्चा अध्यक्ष की अन्य दावेदार
महिला मोर्चा अध्यक्ष पद की दौड़ में पार्षद कंचन गिदवानी, संध्या यादव, शिखा दुबे और बरखा मालू प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। इसके अलावा श्रेष्ठा जोशी, वृंदा गौड़, ज्योति तोमर, डॉ. श्रद्धा दुबे, राधा राठौर, ज्योति पंडित, माधुरी जायसवाल, कविता यादव, नीता शर्मा, रचना गुप्ता और अनीता व्यास के नाम भी चर्चा में हैं। संगठन के भीतर यह चर्चा भी है कि आपसी खींचतान और संभावित नाराजगी से बचने के लिए भाजपा नेतृत्व किसी ऐसे नए चेहरे पर दांव लगा सकता है, जिसका नाम अभी तक प्रमुख दावेदारों की सूची में नहीं है।
Indore News: भाजयुमो नगर अध्यक्ष पद को लेकर तेज हुई हलचल… तीन नामों का पैनल तैयार!










