इंदौर/आई संवाद/ इंदौर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि रात का तापमान लगभग 1 डिग्री बढ़ गया। इसके बावजूद शहर में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। इस वर्ष प्री-मानसून गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर नजर आ रही हैं, जिसके कारण 10 जून तक शहर में केवल लगभग एक इंच वर्षा ही दर्ज हो सकी है।
बारिश की संभावना कम
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक इंदौर में बारिश की संभावना बेहद कम है। गुरुवार सुबह से आसमान साफ रहा और वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।
गर्मी का प्रकोप जारी
बुधवार को शहर में दिनभर तेज गर्मी महसूस की गई। अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के समय भी गर्मी का असर बना रहा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
ये भी पढ़ें – इंदौर भाजपा महिला मोर्चा की कमान को लेकर घमासान… युवा और वरिष्ठ नेत्रियों के बीच मुकाबला!
अन्य जिलों में बारिश, आंधी का सिलसिला जारी
हालांकि मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय हैं। ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश, तेज हवाएं और आंधी का सिलसिला जारी है, लेकिन इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में इन प्रणालियों का प्रभाव फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा है।
वैज्ञानिकों को ने दी जानकारी
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण कई क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इसी के चलते 13 जून को ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड संभाग के कुछ जिलों के लिए तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जून में ऐसा रहता है इंदौर का मौसम
इंदौर में जून का महीना आमतौर पर मानसून आगमन की तैयारी का समय माना जाता है। वर्ष 2020 से 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में शहर का अधिकतम तापमान 39.6 से 41.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वर्ष 2025 में जून के दौरान तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंच गया था।
ये भी पढ़ें – इंदौर बीजेपी अजा मोर्चा अध्यक्ष पद के दावेदार तैयार… जल्द होगी घोषणा!
पिछले वर्ष मिली थी गर्मी से राहत
प्री-मानसून गतिविधियों के कारण जून में सामान्यतः अच्छी वर्षा भी होती है। आमतौर पर इस महीने में पूरे मानसून सीजन की लगभग 20 प्रतिशत बारिश दर्ज हो जाती है। पिछले वर्ष जून में करीब साढ़े पांच इंच बारिश हुई थी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली थी।
ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज
ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर नजर डालें तो जून 1980 इंदौर के सबसे अधिक वर्षा वाले महीनों में शामिल रहा, जब 17 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। वहीं 23 जून 2003 को मात्र 24 घंटों में लगभग 5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
Indore News: भाजयुमो नगर अध्यक्ष पद को लेकर तेज हुई हलचल… तीन नामों का पैनल तैयार!










