Indore Water Tanker Accident

Indore News: ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुआ नगर निगम का टैंकर… कई वाहन क्षतिग्रस्त, लोगों ने किया हंगामा

Share Latest News On:

इंदौर/आई संवाद/ शहर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब नगर निगम का एक पानी का टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर के ब्रेक फेल हो जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते सड़क पर चल रहे और खड़े कई वाहन इसकी चपेट में आ गए।

लोगों ने दी जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार टैंकर ने रास्ते में करीब तीन से चार चारपहिया वाहनों और दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कई वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। अचानक हुए इस घटनाक्रम से सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।

फुटपाथ की ओर मोड़कर रोका टैंकर
स्थिति को बिगड़ता देख चालक ने अंतिम क्षणों में सूझबूझ दिखाते हुए टैंकर को फुटपाथ की ओर मोड़ दिया, जिससे वाहन रुक गया और एक बड़ा हादसा टल गया। यदि टैंकर आगे बढ़ता रहता तो नुकसान और अधिक हो सकता था।

ये भी पढ़ें – इंदौर की अयोध्या में कुरुक्षेत्र का रण… आरएसएस कार्यकर्ता से मारपीट का वीडियो वायरल!

तीन व्यक्ति घायल, लोगों में आक्रोश
हादसे में टैंकर में सवार तीन व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।

गुस्साई भीड़ ने टैंकर में की तोड़फोड़
हादसे से आक्रोशित लोगों ने मौके पर टैंकर को घेर लिया और उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोगों ने टैंकर के शीशे और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

ये भी पढ़ें – इंदौर बीजेपी अजा मोर्चा अध्यक्ष पद के दावेदार तैयार… जल्द होगी घोषणा!

हादसे के बाद चालक फरार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया तथा तोड़फोड़ में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

कुछ समय तक यातायात प्रभावित
घटना के कारण सड़क पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

कांग्रेस में कौन घर का भेदी?… मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद छिड़ी बहस!