इंदौर/आई संवाद/ शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। तुकोगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बेतहाशा रफ्तार से दौड़ रही एक कार सड़क किनारे सब्जी बेच रही महिला की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि कार चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भीड़ को चकमा देकर भाग निकला।
सीधे महिला की दुकान में घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना गोमा की फैल स्थित विनय होटल के सामने, मालवा मिल (संत बालीनाथ चौराहा) से जंजीरवाला चौराहा जाने वाले मार्ग पर हुई। सड़क किनारे रोजाना की तरह एक महिला सब्जी की दुकान लगाकर बैठी थी। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे दुकान की ओर बढ़ी और सब्जी के ठेले तथा सामान को रौंदते हुए अंदर घुस गई।
कुछ सेकंड की देरी होती तो जा सकती थी जान
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। महिला ने जैसे-तैसे स्थिति को भांपते हुए दौड़ लगाकर खुद को बचाया। यदि वह कुछ सेकंड भी देर कर देती तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद महिला सदमे में आ गई, वहीं आसपास मौजूद लोग भी भयभीत नजर आए।
ये भी पढ़ें – इंदौर मेट्रो को मिलेगी रफ्तार…. 21 जून से शुरू होगा नियमित यात्री संचालन!
सड़क पर मची अफरा-तफरी, लोगों ने दौड़कर पकड़ने की कोशिश की
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक वाहन से उतरकर भागने लगा, जिसे पकड़ने के लिए स्थानीय लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
दुकान का सामान बिखरा, हुआ आर्थिक नुकसान
कार के टकराने से सब्जी विक्रेता महिला की जमीन पर लगी दुकान का सामान बिखर गया और बड़ी मात्रा में सब्जियां सड़क पर बिखर गईं। महिला ने बताया कि उसकी रोजी-रोटी का यही एकमात्र साधन है और हादसे में उसे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।
ये भी पढ़ें – Indore Special News: भिया इंदौर में ये क्या हो रिया है… ‘अधूरा नहीं चलेगा’?
पुलिस जुटी चालक की तलाश में
घटना की सूचना मिलने के बाद तुकोगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार नंबर और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और जान जोखिम में डालने सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि मालवा मिल से जंजीरवाला चौराहा मार्ग पर कई वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी, स्पीड कंट्रोल उपाय और नियमित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Indore News: बीजेपी नेता वीरेंद्र शेंडगे मामले की रिपोर्ट जाएगी ‘समिधा’… हो सकता है बड़ा एक्शन!










