भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। गुरुवार शाम और शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। राजधानी भोपाल में कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था बाधित रही और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। वहीं, तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के लगभग 45 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बारिश होने की संभावना है। नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर और दमोह में तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, पांढुर्णा, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित अनेक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़ें – भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव के महंत ने त्यागा अन्न-जल… हुए नाराज!
पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें
गुरुवार शाम भोपाल में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के साथ बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और उनकी शाखाएं गिर गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। वहीं झाबुआ और पीथमपुर में शुक्रवार सुबह बारिश दर्ज की गई। देवास जिले के मसुरिया-भंडारिया मार्ग पर बारिश के दौरान एक कार रपटे में बह गई, हालांकि उसमें सवार चारों लोग समय रहते बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए।
कई जिलों में हुई झमाझम बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान रतलाम, भोपाल, इंदौर, श्योपुर, धार, गुना, नर्मदापुरम, शाजापुर, रायसेन, राजगढ़, उज्जैन, जबलपुर, छतरपुर, झाबुआ और सीहोर समेत 20 से अधिक जिलों में वर्षा रिकॉर्ड की गई। इनमें रतलाम में सबसे अधिक करीब डेढ़ इंच बारिश दर्ज हुई। आंधी और बारिश के असर से प्रदेश के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है।
ये भी पढ़ें – मध्यप्रदेश से बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवारों का किया ऐलान, तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल को मिला मौका
केरल में मानसून की दस्तक
इंदौर में न्यूनतम तापमान एक रात में 6.8 डिग्री सेल्सियस कम होकर 19 डिग्री पर पहुंच गया। भोपाल में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश कर चुका है, लेकिन मध्यप्रदेश में इसकी आमद सामान्य समय से कुछ दिन देरी से होने की संभावना है। अनुमान है कि प्रदेश में मानसून 20 से 22 जून के बीच दस्तक दे सकता है।
ईरान के हमले में उज्जैन के व्यक्ति की मौत… भांजी की शादी में आने वाले थे मध्यप्रदेश!









