भोपाल/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी शुरु हो चुकी है, एक सीट जीतने के लिए कांग्रेस तगड़ी रणनीति बनाने में जुटी है, तो तयशुदा दो सीट जीतने वाली बीजेपी में संभावित प्रत्याशियों की लिस्ट लंबी होती जा रही है। बीजेपी की तरफ से चौंकाने वाले नाम भी सामने आ सकते हैं, जिसमें कई कद्दावर शामिल है, जोकि प्रदेश की राजनीति छोड़कर केंद्र की राजनीति की तरफ कदम बढ़ाने के मूड में है, उन्होंने पार्टी संगठन को भी इसके बारे में कई बार बता दिया है, जिसके चलते बीजेपी में लगातार मंथन का दौर जारी है।
संभावित प्रत्याशियों की सूची
बीजेपी की तरफ से राज्यसभा जाने वालों की लिस्ट अगले सप्ताह जारी होने की पूरी संभावना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इनमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है, क्योंकि वो कई बार फिर से केंद्र की राजनीति में जाने के संकेत दे चुके हैं, और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात भी कर चुके हैं। इसी तरह अन्य नामों में पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, अखंड प्रताप सिंह, जीएस डामोर, महिला और आदिवासी कोटे से रंजना बघेल का नाम है। एससी वर्ग से लालसिंह आर्य का नाम लिया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी राज्यसभा में अपनी पसंद जाहिर कर सकता है, जिसमें दीनदयाल शोध संस्थान के अध्यक्ष अभय महाजन, संघ का काफी दिन से आदिवासी क्षेत्र में काम देखने वाले महेश शर्मा का नाम है।
ये भी पढ़ें – बीजेपी संगठन का बड़ा केंद्र बनेगा भोपाल… 5 राज्यों की राजधानी से होगी मॉनिटरिंग
18 जून को होगा मतदान
केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 26 सीटों पर चुनाव का ऐलान किया था। जिसके लिए 18 जून को मतदान होना है। इनमें मध्यप्रदेश की तीन सीटें भी शामिल है। तीन सीटों में से दो पर बीजेपी का कब्जा है, जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन और डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी सांसद हैं। वहीं, कांग्रेस की एक सीट पर दिग्विजय सिंह दूसरी बार के सांसद हैं, जिन्होंने अबकी बार राज्यसभा जाने से इनकार कर दिया है। हालांकि तीसरी सीट के गणित पर बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व ही तय करेगा कि बीजेपी को कैंडिडेट उतारना चाहिए या नहीं।
राज्यसभा की रेस में कांग्रेस से 5 नेताओं के नाम सबसे आगे… आलाकमान की मुहर का इंतजार!









