संकल्प से समाधान अभियान का इंदौर जिले में प्रभावी क्रियान्वयन
—-
अभियान के अंतर्गत एक लाख 22 हजार से अधिक आवेदनों का निराकरण
—-
संकल्प से समाधान” अभियान 31 मार्च 2026 तक चार चरणों में होगा आयोजित
-
इंदौर, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में इंदौर जिले में संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। संकल्प से समाधान अभियान आगामी 31 मार्च तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों की 63 सेवाओं और 40 योजनाओं के तहत आवेदकों को लाभान्वित किया जा रहा है। जिले में अब तक आयोजित शिविरों में एक लाख 25 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, इनमें से एक लाख 22 हजार 300 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। शेष आवेदनों की निराकरण की प्रक्रिया भी जारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रदेश सरकार सुशासन और स्वराज के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रदेश में 12 जनवरी से संकल्प से समाधान अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान 31 मार्च 2026 तक संचालित किया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद की जयंती युवा दिवस से प्रारंभ यह अभियान ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय एवं जिला स्तर पर चार चरणों में संचालित होगा। अभियान की संपूर्ण कार्यवाही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संपादित की जा रही है। अभियान के अंतर्गत चयनित योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन एवं शिकायतों को प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसके लिए ग्राम पंचायत, वार्ड, क्लस्टर, विकासखंड एवं जिला स्तर पर शिविरों का आयोजन हो रहा है। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदनों के पंजीयन एवं निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम चरण 12 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया। अभियान के प्रथम चरण में ग्राम पंचायत/नगरीय वार्ड स्तर पर आवेदन एवं शिकायतों का संग्रह किया गया। शिविर अथवा घर-घर जाकर आवेदन एकत्र कर पोर्टल पर दर्ज किए गए। प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर उनका निराकरण किया गया। द्वितीय चरण 16 मार्च 2026 तक चलेगा। अभियान के द्वितीय चरण अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टर स्तर तथा शहरी क्षेत्रों में जोन स्तर पर शिविर आयोजित होंगे। तहसीलदार, सीईओ जनपद, सीएमओ एवं समकक्ष अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे।15 से 30 ग्राम पंचायतों का एक क्लस्टर निर्धारित किया गया है। क्लस्टर/जोन स्तर पर आवेदनों का निराकरण कर पोर्टल पर प्रविष्टि की जाएगी। तृतीय चरण 16 मार्च से प्रारंभ होकर 26 मार्च 2026 तक चलेगा। अभियान के तृतीय चरण अंतर्गत विकासखंड एवं नगर स्तर पर शिविरों का आयोजन तथा क्लस्टर/जोन स्तर पर लंबित एवं नवीन आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, सीईओ जनपद एवं सीएमओ नोडल अधिकारी रहेंगे। चतुर्थ चरण 26 मार्च से प्रारंभ होकर 31 मार्च 2026 तक चलेगा। अभियान के चतुर्थ चरण अंतर्गत जिला स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शेष समस्त लंबित एवं नवीन आवेदनों का अंतिम निराकरण तथा प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में हितलाभ वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।









