दिवंगत नागरिकों के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर दी उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि

Share Latest News On:

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में अग्नि दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों के परिजनों से मुलाकात कर दुख बांटा

दिवंगत नागरिकों के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर दी उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि

दुर्घटना की एक्सपर्ट द्वारा हर पहलू की करायी जायेगी गहन जाँच

इंदौर,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर में जंजीरवाला चौराहा स्थित जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभागृह पहुंचे। यहां उन्होंने इंदौर के बंगाली चौराहा स्थित बृजेश्वरी एनेक्स में गत दिवस हुए अग्नि दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए बाबा महांकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और सांत्वना देते हुए दुख बांटा। उन्होंने परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस हृदय विदारक दुर्घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत अपर मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन और विशेष डीजी श्री आदर्श कटियार को घटना स्थल के निरीक्षण के लिए भेजा। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है, हमारी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजन के साथ हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि इस दुर्घटना की एक्सपर्ट द्वारा हर पहलू की गहन एवं व्यवस्थित जाँच करायी जायेगी। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, इस दिशा में राज्य सरकार आवश्यक कदम उठायेगी।
इस दौरान जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव,सांसद श्री शंकरलाल लालवानी, विधायकगण श्री महेन्द्र हार्डिया, श्रीमती मालिनी गौड़ और श्री गोलू शुक्ला, श्री सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा भी मौजूद थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *