Crack Train

क्रैक ट्रेनों के सफल संचालन में रतलाम मंडल ने तोड़ा अपना रिकॉर्ड… रेलवे कर्मचारियों को मिली बधाई!

Share Latest News On:

रतलाम/आई संवाद/ पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 17 जून 2026 को एक ही दिन में 70 क्रैक ट्रेनों का सफल संचालन कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। इससे पहले मंडल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 30 मई 2026 को दर्ज किया गया था, जब 66 क्रैक ट्रेनों का संचालन किया गया था।

जनसंपर्क अधिकारी ने बताई सफलता की कहानी
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 17 जून को संचालित कुल मालगाड़ियों में 52.63 प्रतिशत हिस्सेदारी क्रैक ट्रेनों की रही, जो मंडल के इतिहास में अब तक का सर्वोच्च आंकड़ा है। इस उपलब्धि के पीछे परिचालन, वाणिज्य, विद्युत, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा इंजीनियरिंग विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को प्रमुख कारण बताया गया है।

ये भी पढ़ें – इंदौर जिला कोर्ट में मुंशियों की भूमिका पर उठे सवाल… अधिवक्ताओं ने जिला न्यायाधीश को सौंपा ज्ञापन!

इस तरह चलती है क्रैक ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, क्रैक ट्रेन (Crack Train) रेलवे में चलाई जाने वाली विशेष मालगाड़ियों (Freight Trains) को कहा जाता है, जो अपने शुरुआती स्टेशन से गंतव्य तक बिना रुके (non-stop) या बहुत कम ठहराव के साथ चलती हैं। क्रैक ट्रेनों का संचालन माल ढुलाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाता है। इससे रेल मार्गों का बेहतर उपयोग संभव होता है, चालक दल की आवश्यकता कम होती है, समय की बचत होती है और ट्रेनों के अनावश्यक ठहराव में कमी आती है। परिणामस्वरूप माल परिवहन की गति और दक्षता दोनों में वृद्धि होती है, जिससे ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

रतलाम मंडल की उपलब्धि
मंडल की यह उपलब्धि परिचालन दक्षता, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है। रेलवे प्रशासन का मानना है कि यह सफलता भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए कर्मचारियों को प्रेरित करेगी।

मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार पर बड़ी अपडेट… युवा विधायकों की होगी बल्ले-बल्ले, ये हो सकते हैं बाहर!