नई दिल्ली/आई संवाद/ मध्यप्रदेश में काफी वक्त से मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें लगाई जा रही है। कई विधायक इंतजार में हैं कि उनको मंत्री पद से नवाजा जाएगा, लेकिन अब तक इस पर फैसला नहीं हो पाया है। वहीं अब सीएम डॉ. मोहन यादव के दिल्ली दौरे पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की कयासबाजी फिर से शुरु हो गई है। कहा जा रहा है कि निगम-मंडल में नियुक्तियां पूरी होने के बाद कभी भी सीएम डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं।
नितीन नवीन ने की तारीफ
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन से मुलाकात के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के कामकाज के बारे में भी जानकारी दी, जिस पर उन्होंने संतोष जाहिर किया। सूबे में हो रही निगम-मंडल में नियुक्तियों के बारे में भी बताया, जिसमें पुराने कर्मठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपे जाने की बात कही। इस दौरान पार्टी संगठन को लेकर भी चर्चा की गई, क्योंकि आने वाले वक्त में नितीन नवीन अपनी टीम का गठन करेंगे, जिसमें मध्यप्रदेश से भी कई नामों को लेकर चर्चा चल रही है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी की चर्चा
सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी चर्चा की। उन्हें एमपी आने का आमंत्रण दिया। सीएम मोहन यादव के आग्रह पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी रुचि दिखाई। कहा जा रहा है कि शिक्षा मंत्री प्रधान जून के पहले या दूसरे सप्ताह में भोपाल आ सकते हैं। जिनकी उपस्थिति में कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है। जिसमें पार्टी के अन्य आला नेता भी शामिल हो सकते हैं।
ममता बनर्जी की हार के ये हैं प्रमुख कारण… इसी से मिला बीजेपी को प्रचंड बहुमत









