indore-asics-store-manager-10-lakh-fraud-vijay-nagar-bihar-police

इंदौर: विजय नगर में स्टोर मैनेजर ने की 10 लाख की धोखाधड़ी, तलाश में बिहार पहुंची पुलिस टीम

Share Latest News On:

इंदौर। शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र में स्थित सी-21 मॉल के एसिक्स (ASICS) शोरूम में करीब 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शोरूम के स्टोर मैनेजर पर बिना बिल के जूते, कपड़े और अन्य सामान बेचकर ग्राहकों से भुगतान अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कराने का आरोप है। मामले में विजय नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम बिहार रवाना हुई है।

कंपनी मैनेजर की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

विजय नगर थाना पुलिस के अनुसार, सुयश विहार कॉलोनी निवासी कंपनी मैनेजर सितलेश यादव की शिकायत पर आरोपी रोशन कुमार यादव, निवासी बिहार, के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी सी-21 मॉल स्थित एसिक्स शोरूम में स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

बिना बिल बेचा सामान, पैसे अपने खाते में मंगवाए

शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने शोरूम से बिना बिल के जूते, कपड़े और अन्य एक्सेसरीज ग्राहकों को बेचीं। इसके बाद सामान की कीमत कंपनी के खाते में जमा कराने के बजाय ग्राहकों से अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली। इस तरह उसने कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया।

स्टॉक जांच में सामने आया करीब 10 लाख का गबन

कंपनी के अनुसार, रोशन कुमार यादव को जून 2024 में नौकरी पर रखा गया था। वह 13 सितंबर 2025 को नौकरी छोड़कर चला गया और उसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद है। जब कंपनी ने स्टॉक का मिलान किया तो 65 जोड़ी जूते, 40 कपड़े और 38 एक्सेसरीज गायब मिलीं। इनकी कुल कीमत करीब 9.93 लाख रुपये आंकी गई है।

कर्मचारियों से पूछताछ में हुआ खुलासा

कंपनी ने अपने स्तर पर शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि आरोपी कई ग्राहकों से भुगतान सीधे अपने बैंक खाते में करवा रहा था। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

बिहार भेजी गई पुलिस टीम

विजय नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के बिहार में होने की जानकारी मिलने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम बिहार भेजी गई है। पुलिस बैंक खातों के लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है