BJP Yuva Morcha President Race

Indore News: भाजयुमो-मोर्चा-प्रकोष्ठ नियुक्तियां… त्रिमूर्ति नामों को फाइनल करके भेजेगी इंदौर से भोपाल!

Share Latest News On:

इंदौर/आई संवाद/ मध्यप्रदेश भाजपा में युवा मोर्चा और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं संयोजक पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। इंदौर भाजपा संगठन में भी इसे लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नगर इकाई के कोर कमेटी सदस्यों से संभावित नाम मांगे गए हैं, जिनकी अंतिम सूची तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी।

21 जून तक नाम भेजना अनिवार्य
सूत्रों के अनुसार, अधिकांश नेताओं की प्राथमिकता भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदों पर अपने समर्थकों को अवसर दिलाने की है। यही वजह है कि युवा मोर्चा अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं कुछ वरिष्ठ नेताओं ने अभी तक अपने सुझाव नहीं भेजे हैं, जबकि नाम प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 21 जून तय की गई है।

नाराजगी के चलते छिपाए नाम
हाल ही में आयोजित नगर भाजपा की कोर कमेटी बैठक में नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने सभी सदस्यों से मोर्चा और प्रकोष्ठों के लिए नाम प्रस्तावित करने को कहा था। इस दौरान कई नेता सार्वजनिक रूप से नाम सामने रखने से बचते नजर आए। संगठन के भीतर यह चर्चा रही कि किसी एक नाम का समर्थन करने पर अन्य दावेदारों की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें –  सीएम डॉ. मोहन यादव ने की विधायक महेंद्र हार्डिया की तारीफ… फायर ब्रिगेड से भी बताया फास्ट!

भोपाल भेजे जाएंगे अंतिम नाम
बैठक में सहमति बनी कि सभी नेता निर्धारित समय सीमा तक अपने सुझाव संगठन को सौंपेंगे। इसके बाद संभागीय और जिला प्रभारी तथा नगर अध्यक्ष की संयुक्त बैठक में नामों पर विचार कर पैनल तैयार किया जाएगा। यह पैनल प्रदेश कार्यालय भोपाल भेजा जाएगा, जहां अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

महिला मोर्चा और आरक्षित वर्गों के पदों पर भी मंथन
संगठन में महिला मोर्चा के लिए नामों को लेकर अपेक्षाकृत कम सक्रियता दिखाई दे रही है। कई नेता इस विषय पर खुलकर राय देने से बच रहे हैं। दूसरी ओर पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े पदों के लिए कई मजबूत नाम सामने आने की चर्चा है।

त्रिमूर्ति देगी नामों को अंतिम रूप
बताया जा रहा है कि समय पर प्राप्त नामों को ही प्राथमिकता से विचार के लिए रखा जाएगा। इसके बाद संभागीय प्रभारी रणवीर सिंह रावत, जिला प्रभारी राजेश सिंह सोलंकी और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सभी प्रस्तावित नामों पर मंथन कर अंतिम पैनल तैयार करेंगे।

ये भी पढ़ें – राहुल गांधी को शिवराज ने दी जन्मदिन की बधाई… राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज!

भाजयुमो अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों की लंबी कतार
भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष पद को लेकर सबसे अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। संगठन के लगभग हर प्रमुख नेता ने एक से अधिक नाम सुझाए हैं। हालांकि अधिकांश ने एक नाम को प्राथमिकता दी है, जबकि अन्य नामों को विकल्प के तौर पर रखा गया है।

मैदान में एक दर्जन से ज्यादा दावेदार
जानकारी के अनुसार, पहले से ही एक दर्जन से अधिक दावेदार मैदान में थे, लेकिन अब यह संख्या और बढ़ती जा रही है। संगठन के भीतर माना जा रहा है कि अंतिम नियुक्ति में सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक संतुलन समेत सभी समीकरणों को ध्यान में रखा जाएगा।

बीजेपी के महामंत्री ने पूर्व मंत्री के भाई पर बरसाए जमकर थप्पड़.. लात-घूसों के साथ जमकर मारपीट!