Ujjain_bada_ganpati_isamvad

उज्जैन के बड़े गणेश मंदिर में 11 अगस्त को मनेगा स्वतंत्रता दिवस

Share Latest News On:

उज्जैन। देशभर में जहां स्वतंत्रता दिवस हर वर्ष 15 अगस्त को मनाया जाता है, वहीं उज्जैन के प्राचीन बड़े गणेश मंदिर में इस बार राष्ट्रीय पर्व 11 अगस्त को मनाया जाएगा। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि सनातन परंपरा में सभी प्रमुख पर्व तिथि के अनुसार मनाए जाते हैं, इसलिए स्वतंत्रता दिवस भी उसी तिथि पर मनाया जाना चाहिए, जिस तिथि को भारत स्वतंत्र हुआ था। वर्ष 1947 में 15 अगस्त के दिन श्रावण कृष्ण चतुर्दशी थी और इस वर्ष यह तिथि 11 अगस्त को पड़ रही है।
मंदिर के पुजारी एवं ज्योतिषाचार्य पंडित अक्षत व्यास ने बताया कि बड़े गणेश मंदिर में कई वर्षों से स्वतंत्रता दिवस पंचांग की तिथि के अनुसार मनाने की परंपरा निभाई जा रही है। उनका कहना है कि दीपावली, होली, रक्षाबंधन और दशहरा जैसे सभी पर्व तिथि के अनुसार मनाए जाते हैं, इसलिए स्वतंत्रता दिवस को भी उसी आधार पर मनाना अधिक उपयुक्त है। इस परंपरा का संबंध प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित सूर्यनारायण व्यास से भी जुड़ा है, जिन्होंने भारत की आजादी का शुभ मुहूर्त निकाला था।
11 अगस्त को मंदिर परिसर में सुबह तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद भगवान बड़े गणेश को तिरंगा अर्पित किया जाएगा, राष्ट्रीय ध्वज का पूजन होगा तथा महाआरती के साथ देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में मंदिर के शिखर पर तिरंगा फहराया जाएगा और “भारत माता की जय” व “जय हिंद” के उद्घोष किए जाएंगे।
आजादी के मुहूर्त से जुड़ी है परंपरा
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, वर्ष 1947 में भारत की स्वतंत्रता के लिए शुभ मुहूर्त निर्धारित करने में उज्जैन के प्रख्यात ज्योतिषाचार्य पंडित सूर्यनारायण व्यास की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। बताया जाता है कि तत्कालीन नेताओं से चर्चा के बाद उन्होंने 14 और 15 अगस्त की मध्यरात्रि का समय भारत की स्वतंत्रता के लिए सर्वाधिक शुभ बताया था। मान्यता है कि स्थिर वृषभ लग्न में देश को स्वतंत्रता मिलने से लोकतंत्र और राष्ट्र की स्थिरता सुनिश्चित होगी। इसी ऐतिहासिक परंपरा के सम्मान में बड़े गणेश मंदिर में आज भी स्वतंत्रता दिवस पंचांग की तिथि के अनुसार मनाया जाता है।