इंदौर/आई संवाद/ मध्य प्रदेश में साइबर अपराधी लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक को पहले अश्लील वीडियो कॉल के जरिए जाल में फंसाया गया और बाद में पुलिस अधिकारी बनकर धमकाते हुए उससे 1.39 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वीडियो कॉल से शुरू हुआ खेल
द्वारकापुरी थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के मुताबिक, घटना 14 जून 2026 की है। पीड़ित को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल प्राप्त हुआ। कॉल उठाते ही स्क्रीन पर एक युवती आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दी और कुछ ही सेकंड बाद कॉल कट गया। इसी दौरान साइबर ठगों ने स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर पीड़ित का चेहरा कैद कर लिया और उसके स्क्रीनशॉट तैयार कर लिए।
ये भी पढ़ें – इंदौर से उज्जैन के लिए नई फोरलेन सड़क का निर्माण… केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन!
आरोपी ने खुद को बताया पुलिस का अधिकारी
घटना के अगले दिन सुबह करीब 11:15 बजे पीड़ित को दूसरे नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली पुलिस का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए कहा कि वीडियो कॉल के दौरान उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड हो चुका है। आरोपी ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा और उसके परिचितों तक पहुंचा दिया जाएगा। साथ ही कानूनी कार्रवाई का डर भी दिखाया गया।
बदनामी के डर से ट्रांसफर किए पैसे
इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य भी अलग-अलग नंबरों से लगातार कॉल कर पीड़ित पर दबाव बनाते रहे। सामाजिक प्रतिष्ठा खराब होने के डर से युवक ने आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों और यूपीआई आईडी पर अलग-अलग किस्तों में कुल 1.39 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम जुटाने के लिए उसने परिचितों से उधार तक लिया।
ये भी पढ़ें – 90 डिग्री ब्रिज के बाद भोपाल में एक और अजूबा निर्माण… फुटपाथ बना चलने वालों के लिए रास्ता बंद!
लगातार बढ़ती मांग पर हुआ ठगी का शक
जब आरोपियों ने और अधिक पैसों की मांग शुरू की, तब पीड़ित को शक हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है। इसके बाद उसने द्वारकापुरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जिन खातों और यूपीआई आईडी में राशि भेजी गई है, उन्हें होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही जिन मोबाइल नंबरों से कॉल किए गए थे, उनकी लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।
मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार पर बड़ी अपडेट… युवा विधायकों की होगी बल्ले-बल्ले, ये हो सकते हैं बाहर!










