bjym-district-president-appointment

बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष श्याम टेलर का बयान… इंदौर के कई नेता रेस से हुए बाहर!

Share Latest News On:

भोपाल/आई संवाद/ भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का महत्वपूर्ण बयान सामने आया है। हाल ही में उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि संगठन में युवाओं को प्राथमिकता देने की नीति अपनाई जाएगी। टेलर ने साफ कहा कि भाजयुमो में नेतृत्व की जिम्मेदारी अब 35 वर्ष से कम आयु के कार्यकर्ताओं को सौंपने पर जोर रहेगा, ताकि युवा शक्ति को आगे लाकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

सभी जिलों के लिए गाइडलाइन
इस घोषणा के बाद जिला अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल 35 वर्ष से अधिक आयु के नेताओं की उम्मीदों को बड़ा झटका लग सकता है। संकेत साफ हैं कि युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद पर अब निर्धारित आयु सीमा से अधिक उम्र वाले नेताओं की नियुक्ति नहीं होगी। यह संदेश किसी एक जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में संगठनात्मक नियुक्तियों पर समान रूप से लागू होने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें – भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कैलाश विजयवर्गीय संग चलाई साइकिल… मंच से दिया बड़ा संदेश!

उम्र सीमा बनी कई नेताओं के लिए बाधा
भारतीय जनता युवा मोर्चा श्याम टेलर ने इस बार नियुक्तियों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि भाजयुमो में 35 वर्ष से अधिक आयु वाले कार्यकर्ताओं को अध्यक्ष पद के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। इसी के चलते इंदौर से सौगात मिश्रा, धीरज ठाकुर, रोहित चौधरी, निक्की राय, अक्षय चौधरी, जय राजदेव, अमन यादव, नयन दुबे और भावेश दवे जैसे कई नाम इस बार अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर बताए जा रहे हैं। इससे युवा नेतृत्व को अवसर देने की भाजपा की रणनीति भी स्पष्ट होती नजर आ रही है।

तीन नामों के पैनल तैयार
सूत्रों के अनुसार, इंदौर भाजयुमो नगर अध्यक्ष पद के लिए नगर भाजपा ने तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश संगठन को भेज दिया है। इस पैनल में अक्षांशु तिवारी, अमित पालीवाल और मयूरेश पिंगले के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि संगठन स्तर पर इन नामों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इनमें भी अक्षांशु तिवारी का नाम सबसे मजबूत दावेदारों में माना जा रहा है।

भाजयुमो अध्यक्ष के इंदौर दौरे से पहले पोस्टर विवाद… कांग्रेस ने साधा निशाना, भाजपा ने दी सफाई