Indore Weather Update

इंदौर में मानसून का इंतजार जारी… उमस बढ़ी, प्री-मानसून गतिविधियां अब भी सुस्त!

Share Latest News On:

इंदौर/आई संवाद/ जून का दूसरा सप्ताह समाप्ति की ओर है, लेकिन इंदौर में मानसून पूर्व गतिविधियां अभी भी अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी हैं। शहर में अब तक लगभग एक इंच वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले तीन दिनों से मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है। तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार सुबह भी शहर में आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे गर्मी के साथ उमस का प्रभाव भी महसूस किया जा रहा है।

जून में आमतौर पर रहती है राहत
पिछले छह वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जून माह में इंदौर में अपेक्षाकृत कम गर्मी दर्ज की गई है। वर्ष 2020 से 2025 के बीच अधिकतम तापमान 39.6 से 41.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पिछले वर्ष जून में तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंचा था। सामान्य तौर पर इस महीने में मानसून पूर्व बारिश शुरू हो जाती है और मासिक वर्षा का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी अवधि में दर्ज हो जाता है। पिछले वर्ष जून में शहर में करीब साढ़े पांच इंच बारिश हुई थी, जबकि इस बार अब तक वर्षा का आंकड़ा काफी कम है। वहीं राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में प्री मानसून गतिविधियों के कारण बारिश हो रही है।

ये भी पढ़ें – भाजयुमो अध्यक्ष के इंदौर दौरे से पहले पोस्टर विवाद… कांग्रेस ने साधा निशाना, भाजपा ने दी सफाई

रिकॉर्ड बारिश और तापमान के आंकड़े
इंदौर के मौसम इतिहास में जून माह कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुका है। वर्ष 1980 में जून के दौरान 17 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई थी, जो इस महीने की सर्वाधिक वर्षा मानी जाती है। वहीं 23 जून 2003 को 24 घंटे में लगभग 5 इंच बारिश का रिकॉर्ड बना था। तापमान की बात करें तो 3 जून 1991 को शहर का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दूसरी ओर 12 जून 1958 को न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो जून माह के लिए असामान्य रूप से कम माना जाता है।

15 से 18 जून के बीच मानसून की दस्तक की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर गति पकड़ ली है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मानसून 15 से 18 जून के बीच मध्यप्रदेश में प्रवेश कर सकता है। प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियों के तहत तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है, लेकिन इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में इसका प्रभाव अब तक सीमित रहा है। शहरवासियों को फिलहाल मानसून की पहली जोरदार बारिश के लिए कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।

इंदौर महापौर के पत्र का दिग्विजय सिंह ने किया स्वागत… फोन पर जताया आभार!