इंदौर/आई संवाद/ मध्यप्रदेश भाजपा संगठन में नियुक्तियों का दौर लगातार जारी है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा मोर्चा और प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज किए जाने के बाद अब भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला और नगर अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। इंदौर में भी संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं और संभावित नामों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
तीन नामों के पैनल तैयार
सूत्रों के अनुसार, भाजयुमो नगर अध्यक्ष पद के लिए नगर भाजपा ने तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश संगठन को भेज दिया है। इस पैनल में अक्षांशु तिवारी, अमित पालीवाल और मयूरेश पिंगले के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि संगठन स्तर पर इन नामों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इनमें भी अक्षांशु तिवारी का नाम सबसे मजबूत दावेदारों में माना जा रहा है।
प्रदेश संगठन ने मांगा पैनल
दरअसल, भाजपा प्रदेश संगठन ने मोर्चा और प्रकोष्ठों की नई टीमों के गठन के लिए सभी जिला अध्यक्षों से योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं के नामों का पैनल मांगा है। पार्टी का फोकस आगामी चुनावों से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और युवा नेतृत्व को आगे लाना है। इसी रणनीति के तहत नियुक्तियों की प्रक्रिया को गति दी गई है।
ये भी पढ़ें – भाजयुमो की बैठक में संगठनात्मक समन्वय पर उठे सवाल… नगर महामंत्री ने जताई नाराजगी!
उम्र सीमा बनी कई नेताओं के लिए बाधा
प्रदेश नेतृत्व ने इस बार नियुक्तियों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि भाजयुमो में 35 वर्ष से अधिक आयु वाले कार्यकर्ताओं को अध्यक्ष पद के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। इसी के चलते सौगात मिश्रा, धीरज ठाकुर, रोहित चौधरी, निक्की राय, अक्षय चौधरी, जय राजदेव, अमन यादव, नयन दुबे और भावेश दवे जैसे कई नाम इस बार अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर बताए जा रहे हैं। इससे युवा नेतृत्व को अवसर देने की भाजपा की रणनीति भी स्पष्ट होती नजर आ रही है।
युवा नेतृत्व पर संगठन का फोकस
भाजपा संगठन इस बार मोर्चों में ऐसे चेहरों को जिम्मेदारी देना चाहता है जो युवा वर्ग में प्रभाव रखते हों और आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए संगठन को सक्रिय रूप से तैयार कर सकें। यही वजह है कि प्रदेश स्तर पर उम्र, संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं के बीच स्वीकार्यता को प्रमुख आधार बनाया जा रहा है। अब निगाहें प्रदेश भाजपा नेतृत्व के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।










