Indore Metro Commercial Run

इंदौर मेट्रो को मिलेगी रफ्तार…. 21 जून से शुरू होगा नियमित यात्री संचालन!

Share Latest News On:

इंदौर/आई संवाद/ इंदौरवासियों के लिए अच्छी खबर है। शहर में मेट्रो सेवा का दूसरा चरण पूरा होने के बाद 21 जून से इसका व्यावसायिक संचालन (कमर्शियल रन) शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही यात्री गांधीनगर से विजयनगर स्थित रेडिसन चौराहे तक लगभग 17 किलोमीटर की दूरी मेट्रो से तय कर सकेंगे। इससे एयरपोर्ट और शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा।

20 जून को होगा दूसरे फेज का होगा उद्घाटन
पहले दूसरे चरण का लोकार्पण 18 जून को प्रस्तावित था, लेकिन अब इसके 20 जून को आयोजित होने की संभावना है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की उम्मीद है। उद्घाटन के अगले दिन यानी 21 जून से यात्रियों के लिए सेवा शुरू कर दी जाएगी।

हर 15 मिनट में संचलित होगी मेट्रो
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने नए विस्तारित कॉरिडोर पर संचालन की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा संबंधी जांच अंतिम चरण में हैं। नए रूट के लिए किराया निर्धारण की प्रक्रिया भी जारी है। यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो ट्रेनें लगभग 15 मिनट के अंतराल पर संचालित की जाएंगी।

आगामी फेज पर भी तेजी से काम
सांसद शंकर लालवानी के अनुसार दूसरे चरण के बाद 31 किलोमीटर लंबे मेट्रो रिंग कॉरिडोर के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। कुछ स्थानों पर भूमिगत (अंडरग्राउंड) मेट्रो के लिए खुदाई का काम भी शुरू हो चुका है। परियोजना के वर्ष 2028 तक पूर्ण होने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें – Indore Special News: भिया इंदौर में ये क्या हो रिया है… ‘अधूरा नहीं चलेगा’?

आय बढ़ाने के प्रयास नहीं हुए सफल
फिलहाल मेट्रो का संचालन सीमित समय के लिए किया जा रहा है, जिसके कारण यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही है। राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से मेट्रो प्रबंधन ने “सेलिब्रेशन ऑन व्हील” जैसी पहल शुरू की थी, जिसके तहत प्री-वेडिंग शूट, जन्मदिन समारोह और अन्य निजी कार्यक्रमों की अनुमति दी गई थी। हालांकि इन प्रयासों से भी आय में कोई उल्लेखनीय वृद्धि देखने को नहीं मिली।

यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना
अब नियमित कमर्शियल संचालन शुरू होने के बाद उम्मीद की जा रही है कि इंदौर मेट्रो शहर के सार्वजनिक परिवहन का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरेगी और यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी, क्योंकि नए फेज की शुरुआत के बाद जनता को लंबी दूरी के लिए सुगम परिवहन का साधन उपलब्ध होगा।

लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन नहीं, मांगलिया बनेगा बड़ा रेलवे जंक्शन… तेजी से हो रहा स्टेशन का कायाकल्प!